Press "Enter" to skip to content

Congress का सभी गुटों को साधने का किया गया है प्रयास

अंतत: कांग्रेस ने घोषित किए पोहरी और करैरा विधानसभा क्षेत्र के ब्लॉक अध्यक्ष 

शिवपुरी। शिवपुरी जिले की पांच विधानसभा सीटों में से तीन विधानसभा क्षेत्रों कोलारस, शिवपुरी और पिछोर के ब्लॉक अध्यक्षों की घोषणा कर दी गई थी, लेकिन गुटबाजी के चलते करैरा और पोहरी विधानसभा क्षेत्रों के ब्लॉक अध्यक्षों की घोषणा नहीं की गई थी, परंतु कांग्रेस ने कल शेष दो विधानसभा क्षेत्रों के 9 ब्लॉक अध्यक्षों की घोषणा कर दी है। सूची देखने से स्पष्ट होता है कि प्रदेश संगठन ने सभी गुटों को साधने का प्रयास किया है। 
घोषित सूची के अनुसार पोहरी विधानसभा क्षेत्र में पोहरी का ब्लॉक अध्यक्ष बृजकिशोर त्रिवेदी को बनाया गया है। सूत्रों के अनुसार पहले यहां से हरविलास यादव को ब्लॉक अध्यक्ष बनाना तय किया गया था। श्री यादव पोहरी कांग्रेस की गुटबाजी में वरिष्ठ कांग्रेस नेता केशव सिंह तोमर के समर्थक माने जाते हैं, लेकिन पूर्व विधायक हरिबल्लभ शुक्ला ने उनके नाम का विरोध किया इसी कारण पोहरी क्षेत्र के ब्लॉक अध्यक्षों की सूची घोषित नहीं की गई थी। श्री शुक्ला और युवा नेता अखिल शर्मा ने यहां से बृजकिशोर त्रिवेदी के नाम को आगे बढ़ाया। अंतत: श्री त्रिवेदी के नाम पर मोहर लगी जबकि बैराड़ में ब्लॉक अध्यक्ष पद पर श्री तोमर खेमे के रामपाल रावत की नियुक्ति की गई है जबकि कार्यवाहक ब्लॉक अध्यक्ष पद पर विजय सिंह यादव का मनोनयन हुआ है। सुभाषपुरा ब्लॉक अध्यक्ष पद पर युवा नेता अवतार सिंह गुर्जर को चुना गया है। श्री गुर्जर वरिष्ठ कांग्रेस नेता छत्रपाल सिंह गुर्जर के साले हैं। करैरा में भी ब्लॉक अध्यक्ष की नियुक्ति लटकी हुई थी। करैरा से पहले महेन्द्र सिंह सिकरवार को ब्लॉक अध्यक्ष बनाना तय किया गया था, लेकिन स्थानीय विधायक शकुन्तला खटीक ने उनके नाम का विरोध किया था इस कारण करैरा ब्लॉक अध्यक्षों की सूची घोषित नहीं हो सकी थी। पार्टी ने यहां विधायक शकुन्तला खटीक की राय को अहमियत देते हुए वर्तमान ब्लॉक अध्यक्ष वीनस गोयल को यथावत रखा है। नरवर ब्लॉक अध्यक्ष पद पर कैलाश कुशवाह की नियुक्ति हुई है जबकि दिनारा ब्लॉक अध्यक्ष पद पर शिवदयाल यादव भगतजी को चुना गया है। 
More from Fast SamacharMore posts in Fast Samachar »

Be First to Comment

Leave a Reply

error: Content is protected !!