शिवपुरी। जिले के फिजिकल थाना क्षेत्र में एक महिला ने एक युवक पर संबंध बनाने का दबाव डालने और विरोध करने पर परेशान करने का आरोप लगाया है। महिला का कहना है कि पुलिस द्वारा सुनवाई नहीं किए जाने पर उसे सीएम हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज करानी पड़ी। अब शिकायत वापस लेने के लिए दबाव बनाया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार बड़ौदी सड़क निवासी गायत्री कुशवाह पत्नी दीपक कुशवाह मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करती हैं। महिला ने पुलिस अधीक्षक को दिए आवेदन में बताया कि महाराणा प्रताप कॉलोनी निवासी बिल्लू खान उस पर संबंध बनाने का दबाव डालता था। महिला ने आरोप लगाया कि जब उसने इसका विरोध किया तो उसे परेशान किया जाने लगा।
महिला का कहना है कि उसने इस मामले की शिकायत फिजिकल थाना पुलिस से की थी, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। इसके बाद उसने सीएम हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराई। महिला ने आरोप लगाया कि हेल्पलाइन शिकायत के बाद से फिजिकल थाना पुलिस उसे बार-बार थाने बुला रही है और शिकायत वापस लेने का दबाव बना रही है।
आवेदन में महिला ने यह भी आरोप लगाया कि अंगूरी कुशवाह पत्नी नंदराम कुशवाह निवासी फक्कड़ कॉलोनी और बिल्लू खान द्वारा उसे धमकाया और गुमराह किया जा रहा है। इससे वह मानसिक, आर्थिक और सामाजिक रूप से परेशान हो रही है।
गायत्री कुशवाह ने एसपी से मांग की है कि आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई कर आपराधिक प्रकरण दर्ज किया जाए और उसकी जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए। महिला ने आशंका जताई है कि भविष्य में उसके साथ कोई अप्रिय घटना हो सकती है।







Be First to Comment