शिवपुरी। जिले के कोलारस थाना क्षेत्र में एक महिला ने अपने रिश्तेदारों पर लाखों रुपए के जेवर और नकदी हड़पने का आरोप लगाते हुए पुलिस अधीक्षक से शिकायत की है। महिला का कहना है कि शादी समारोह के दौरान उसके जेवर और नकदी से भरा सूटकेस गायब कर दिया गया, जिसे मांगने पर आरोपियों ने जान से मारने की धमकी दी।
जानकारी के अनुसार जाखनोद निवासी उषा यादव पत्नी वीरू यादव अपने मायके ग्राम उपरवारा, तहसील कोलारस में 16 अप्रैल 2026 को आयोजित शादी समारोह में शामिल होने आई थीं। महिला ने बताया कि वह अपने साथ करीब 10 ग्राम सोने के जेवर, एक किलो 800 ग्राम चांदी के आभूषण और अन्य सामान लेकर आई थीं।
महिला के अनुसार सूटकेस में एक किलो चांदी की पायल, 500 ग्राम की करधनी, 250 ग्राम के हाथ फूल, 50 ग्राम चांदी का गुच्छा और तीन साड़ियां रखी हुई थीं। आरोप है कि शादी के दौरान रामेश्वर यादव पुत्र भीमन बाबा और उसके भाई उदय यादव पुत्र रामगोपाल यादव ने उसका सूटकेस अपने कब्जे में ले लिया।
पीड़िता का कहना है कि जब उसने अपना सामान वापस मांगा तो आरोपियों ने देने से इनकार कर दिया। महिला ने आवेदन में यह भी आरोप लगाया है कि आरोपियों ने गाली-गलौज कर जान से मारने की धमकी दी।
उषा यादव ने पुलिस अधीक्षक से आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई कर जेवर और सामान वापस दिलाने की मांग की है। आवेदन पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।







Be First to Comment