शिवपुरी। शहर में बीते दो 18 महीने से कोरोना के चलते सभी शासकीय व प्रायवेट स्कूलों का संचालन बंद कर दिया था। इन बंद स्कूलों में मास्साहब ने अपने-अपने तरीकों से इस्तेमाल करना शुरू कर दिया। किसी ने स्कूल में मवेशी बांध दिए तो कोई स्कूल में ही रहने लगा तो कही शराब पार्टी के लिए स्कूल का उपयोग किया जाने लगा। इसी दौरान एक हैरान करने वाला मामला आया है यहां एक शिक्षक ने स्कूल में ही ऑटा चक्की लगा दी और गेहूं की पिसाई करने लगा। बुधवार को जब अधिकारी स्कूल का निरीक्षण करने पहुंचे तो उनकी वहां का हाल देखकर आंखे फटी रह गई। मामले में कलेक्टर ने शिक्षक को सस्पेंड कर दिया है।
शिवपुरी के सुदूर जंगली क्षेत्र में स्थित पटपरा गांव के प्राथमिक विद्यालय में सरकारी शिक्षक ने स्कूल में कक्षा की जगह गांव के दबंग लोगों के साथ मिलकर आटा-चक्की लगा दी। बुधवार को डीईओ संजय श्रीवास्तव के निर्देश पर शिक्षा विभाग के योजना अधिकारी रोहणी अवस्थी ने स्कूल का निरीक्षण किया। उक्त निरीक्षण रिपोर्ट के आधार पर कलेक्टर अक्षय कुमार सिंह ने स्कूल के शिक्षक श्रीनिवास भार्गव को निलंबित कर दिया है। इसके अलावा महिला शिक्षिका लक्ष्मी जाटव को कारण बताओ नोटिस जारी किया है ।
अधिकारियों का कहना है कि शिक्षक ने एक बार भी इस बात की सूचना नहीं दी थी कि स्कूल के कक्षों में दबंगों ने चक्की लगा ली है। जो यह दर्शाता है कि इसमें या तो शिक्षक सहभागी था या फिर वह जुलाई में स्कूल खुलने के बाद से आज तक एक बार भी स्कूल गया ही नहीं।
वहीं योजना अधिकारी रोहणी अवस्थी ने बताया कि जिला शिक्षा अधिकारी के कहने पर कल मैंने पटपरा प्राथमिक स्कूल का निरीक्षण किया। वहां स्कूल के एक कक्ष में चक्की संचालित हो रही थी, जबकि अन्य कक्ष में चूल्हे बने मिले। शराब पार्टी के कई चिह्न वहां मिले, जिसके आधार पर जांच प्रतिवेदन डीईओ के माध्यम से कलेक्टर को भिजवाया। कलेक्टर ने शिक्षक को निलंबित कर दिया है, जबकि शिक्षिका को कारण बताओ नोटिस दिया गया है।






Be First to Comment