Press "Enter" to skip to content

नाग पंचमी पर चौरसिया समाज ने किया नवीन कार्यकारिणी का गठन / Shivpuri News

शिवपुरी। नाग पंचमी एवं चौरसिया दिवस के अवसर पर सिद्धेश्वर स्थित चौरसिया समाज की धर्मशाला में समारोह का आयोजन हर्षोल्लास के साथ किया गया। कार्यक्रम में समाज के आराध्य नाग देवता, नाना देवी एवं ऋषि चौरसिया का विधिवत पूजन-अर्चन कर सुख, शांति, सद्भाव और समाज के कल्याण की कामना की गई।

कार्यक्रम के दौरान समाज की नवीन कार्यकारिणी का गठन किया गया। इसमें कपिल चौरसिया को अध्यक्ष, अशोक चौरसिया को उपाध्यक्ष, रामू एवं राहुल चौरसिया को महामंत्री, सुरेंद्र चौरसिया को संगठन मंत्री, महेश चौरसिया को प्रचार मंत्री तथा हेमंत चौरसिया को मीडिया प्रभारी का दायित्व सौंपा गया। नवनिर्वाचित अध्यक्ष कपिल चौरसिया एवं उपाध्यक्ष अशोक चौरसिया का समाजजनों ने फूल-मालाओं से स्वागत किया।

समारोह में विद्यार्थियों ने नृत्य, गायन एवं अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतिभाशाली विद्यार्थियों के साथ समाज के पुरोधाओं, बुजुर्गों और महिलाओं का सम्मान एवं पुरस्कार वितरण किया गया।

कार्यक्रम में वक्ताओं ने बेरोजगार युवाओं एवं परिवारों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए शासन की रोजगारमूलक और तकनीकी योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की। डेयरी उद्योग से होने वाले आर्थिक लाभ तथा कृषि, पर्यावरण और सामाजिक क्षेत्र में इसके महत्व की जानकारी भी दी गई।

नव निर्वाचित अध्यक्ष कपिल चौरसिया ने समाज की जनगणना कराने के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इससे समाज को सामाजिक, शैक्षणिक, आर्थिक एवं पारिवारिक स्थिति की बेहतर जानकारी मिल सकेगी और भविष्य की योजनाएं बनाने में मदद मिलेगी। दिनभर चले कार्यक्रम में युवक-युवतियों, बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम समाज के संरक्षक लक्ष्मी नारायण चौरसिया, श्याम शरण चौरसिया, घनश्याम चौरसिया, फूलचंद चौरसिया, जगदीश चौरसिया, रमेश चौरसिया, सुनील चौरसिया, केशव चौरसिया एवं जयदीप चौरसिया सहित बड़ी संख्या में समाजजनों की मौजूदगी में संपन्न हुआ।

More from Fast SamacharMore posts in Fast Samachar »
More from ShivpuriMore posts in Shivpuri »

Be First to Comment

Leave a Reply

error: Content is protected !!