शिवपुरी। अखिल भारतीय सफाई मजदूर कांग्रेस ट्रेड यूनियन ने नगर पालिका शिवपुरी में कार्यरत कर्मचारियों की लंबित मांगों को लेकर सभापति और पार्षदों के नाम ज्ञापन सौंपा। संगठन ने वर्षों से कार्यरत कर्मचारियों को नियमित-विनियमित करने, पदोन्नति देने, एनपीएस-पीएफ की राशि कर्मचारियों के खातों में जमा कराने और समय पर वेतन देने सहित 11 मांगें रखी हैं।
ज्ञापन में त्योहार से पहले ग्रेन एडवांस व फेस्टिवल राशि देने, कर्मचारियों को वर्दी-वर्दी भत्ता व बीमा सुविधा उपलब्ध कराने, मृतक कर्मचारियों के परिवार को सहायता एवं अनुकंपा नियुक्ति, ईएसआई कार्ड जारी करने और वाहन चालकों से सिर्फ वाहन चालक का कार्य लेने की मांग की गई है। साथ ही चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों की ऑनलाइन हाजिरी समाप्त कर रजिस्टर हाजिरी लागू करने की मांग भी रखी गई।
संगठन ने चेतावनी दी है कि 5 दिनों में मांगों का निराकरण नहीं हुआ तो आंदोलन किया जाएगा। संगठन के जिला अध्यक्ष संतोष कोड़े ने कहा कि मांगों को लेकर पूर्व में भी कई बार समझौते और आश्वासन दिए जा चुके हैं, लेकिन समस्याओं का समाधान नहीं हुआ है।







Be First to Comment