शिवपुरी। अंतर्राष्ट्रीय पोषक अनाज वर्ष 2023 के परिप्रेक्ष्य में पोषक वाटिका महाभियान एवं पौधा रोपण कार्यक्रम का आयोजन कृषि विज्ञान केन्द्र शिवपुरी पर भी आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलित कर माननीय विधायक वीरेन्द्र रघुवंशी विधायक कोलारस विधानसभा एवं प्रमण्डल सदस्य रा.वि.सिं.कृ.वि.वि. ग्वालियर द्वारा किया गया। देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 71 वें जन्म दिवस के शुभ अवसर पर भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद नई दिल्ली द्वारा केन्द्रीय कृषि मंत्री श्री नरेन्द्र सिंह तोमर एवं अन्य अतिथियों के संबोधन का सीधा प्रसारण भी प्रसारित किया गया।
विधायक रघुवंशी ने कहा कि पोषण एवं स्वास्थ्य की दृष्टि से पोषक गौण अनाजों की भूमिका महत्वपूर्ण है। इसी क्रम में उनके द्वारा उन्नत सब्जी बीजों की 100 से अधिक सीडकिट्स व वृक्षारोपण हेतु सहजन, अमरूद, सीताफल, नीबू इत्यादि के 1100 से अधिक पौधों को किसानों एवं किसान महिलाओं को वितरण भी किया गया तथा विधायक द्वारा भी कृषि विज्ञान केन्द्र परिसर पर पौधरोपण किया। पौधरोपण कार्यक्रम में केन्द्र के प्रमुख डॉ. एस. पी. सिंह एव अन्य वैज्ञानिकों जिसमें डॉ. एम.के. भार्गव, डॉ. ए.एल. बसेड़िया, डॉ. एन.के. कुशवाहा, विजय प्रताप सिंह, कु. आरती बंसल उपस्थित रहे।
इसी क्रम में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय तानपुर में विद्यालय परिसर में बालक, बालिकाओं एवं स्टॉफ के सदस्यों के साथ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें मोटे अनाजों के महत्व एवं पोषण के बारे में बतलाया गया तथा 100 पोषक बिस्किट पैकेट वितरित किये गये एवं पौधों का रोपण एवं वितरण भी किया गया। कृषि विज्ञान केन्द्र के डॉ. जे.सी. गुप्ता, सतेन्द्र गुप्ता एवं नीतू वर्मा इस कार्यक्रम में सहभागी रहे।
परोक्त दोनों आयोजनों में 97 बालिकाओं, 102 कृषक एवं कृषक महिलाओं तथा सहयोगी विभागों जिसमें इफको, शक्तिशाली महिला संगठन एवं कृभकों के प्रतिनिधि व कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे। इस अवसर पर केन्द्र पर इफ्को से रूपेन्द्र माहोलिया, कृभको से रमेश पवार, शक्तिशाली महिला संगठन से रवि गोयल, श्रृद्वा जादौन, का सहयोग सराहनीय रहा।






Be First to Comment