Press "Enter" to skip to content

वाहनों की बिक्री शुरू हो सकती है कल से : 3.10 करोड़ की BMW कार खरीदने पर 24.80 लाख की होगी बचत मेले में / ग्वालियर

ग्वालियर

व्यापार मेले में इस बार भी महंगी कार खरीदने का मौका लोगों को मिलेगा। वोल्वो, बीएमडब्ल्यू व ऑडी जैसी कार लोग रोड टैक्स में 50 % छूट के साथ खरीद सकेंगे। इसके लिए इंदौर के डीलर्स ने ट्रेड लाइसेंस के लिए आवेदन किया है। मेले में यदि 3.10 करोड़ रुपए कीमत की बीएमडब्ल्यू एक्स-एम कार खरीदते हैं। इसमें सामान्य तौर पर कार की शोरूम प्राइस का 16% टैक्स लगता है, जबकि 50% छूट के बाद 8 फीसदी ही रोड टैक्स देना होगा। इस तरह 3.10 करोड़ रुपए कीमत कार का रोड टैक्स 49.60 लाख रुपए बनता है।

जबकि छूट के बाद खरीदार को 24.80 लाख रुपए की छूट मिलेगी। इस कंपनी की कार लगभग 52 लाख रुपए से लेकर 3.10 करोड़ रुपए तक की मिल रही हैं। मेले में वाहन खरीदने के लिए अब तक करीब 8 हजार लोगों ने प्री-बुकिंग करा दी है। बस उन्हें रोड टैक्स में छूट के साथ वाहन के डिलीवरी का इंतजार है। लेकिन उनका यह इंतजार अब तक खत्म नहीं हाे सका। मेले में वाहनों की बिक्री 12 जनवरी या फिर मकर संक्रांति के दिन से शुरू हो सकती है। आरटीओ ने 15 डीलर्स को ट्रेड लाइसेंस जारी करने की बात कही है।

6 हजार से बढ़कर लगभग 8 हजार कारों की हुई प्री-बुकिंग, 10 दिन बाद भी वाहन छूट का नहीं मिल रहा लाभ

दूसरे दिन भी मेले की सड़कों पर रही कीचड़

ग्वालियर मेले को शुरू हुए 17 दिन गुजर चुके हैं, लेकिन प्राधिकरण अभी तक तैयारियों को पूरा नहीं कर सका है। यूं भी मेले में अभी तक प्रदर्शनी, ऑटोमोबाइल, इलेक्ट्रॉनिक्स समेत कई अन्य सेक्टर शुरू नहीं हो पाए हैं। जिसके कारण सैलानियों को आधा अधूरा मेला घूमकर निराश होना पड़ रहा है। मंगलवार को हुई बारिश के कारण मेले में हुए जलभराव की परेशानी बुधवार को भी खत्म नहीं हो सकी है।

मेले में पिछले साल 3.75 करोड़ रुपए कीमत तक के वाहन बिक चुके हैं

व्यापार मेले में पिछले साल 50 लाख रुपए से लेकर 3.75 करोड़ रुपए कीमत तक के सबसे महंगे वाहन बिके थे। महंगे वाहन खरीदने में इंदौरी सबसे आगे थे। ऐसे चार पहिया वाहनों की संख्या 102 दी। वहीं मेले में दो पहिया, चार पहिया व अन्य वाहनों को मिलाकर 22,747 बिके थे। इन वाहनों की बिक्री से आरटीओ को राजस्व के तौर पर 76.22 करोड़ रुपए मिले थे।

10 दिन बीते, खरीदारों को अब तक छूट का नहीं मिल पा रहा है फायदा

परिवहन व ऑटोमोबाइल डीलर्स की सुस्त चाल के चलते वाहन खरीददार परेशान हैं। आदेश के 10 दिन बाद भी लोगों को इसका लाभ नहीं मिल सका है। शासन ने रोड टैक्स में 50 फीसदी छूट के आदेश 1 जनवरी को जारी किए जा चुके हैं। डीलर्स का तर्क है कि बारिश के चलते शोरूम तैयार करने में बाधा उत्पन्न हुई है। जिस कारण काम में देरी हो रही है।

कल से शुरू कर देंगे वाहनों की बिक्री

हमारे शोरूम लगभग तैयार होने की ओर हैं। गुरुवार को ही कुछ शोरूम पर वाहनों को डिस्प्ले में लगा देंगे। यदि आरटीओ कार्यालय में वाहनों का सत्यापन व रजिस्ट्रेशन का काम शुरू हो जाता है तो 12 जनवरी से वाहनों की बिक्री मेले में शुरू कर देंगे।
-हरिकांत समाधिया, पूर्व अध्यक्ष, ग्वालियर व्हीकल डीलर्स एसोसिएशन

मेला शोरूम से वाहनों की बिक्री करेंगे तभी देंगे छूट

परिवहन विभाग द्वारा जारी आदेश के तहत मेले से वाहनों की बिक्री करने पर रोड टैक्स में 50% छूट का लाभ तभी दिया जाएगा, जब डीलर्स शोरूम तैयार करेंगे। आरटीओ कार्यालय गुरुवार को बनकर तैयार हो जाएगा। 44 में से अब तक 15 ट्रेड लाइसेंस जारी कर चुके हैं।
– एचके सिंह, आरटीओ

More from Fast SamacharMore posts in Fast Samachar »
More from GwaliorMore posts in Gwalior »

Be First to Comment

Leave a Reply

error: Content is protected !!