Press "Enter" to skip to content

वायरल वीडियो के बीच दो पक्ष आमने-सामने, दोनों ने लगाए गंभीर आरोप; एसपी से निष्पक्ष जांच की मांग / Shivpuri News

शिवपुरी। जिले के कोलारस थाना क्षेत्र में 29 और 30 जून को हुए विवाद ने अब तूल पकड़ लिया है। मामले में दोनों पक्ष एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगा रहे हैं। इस बीच घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें संतान रावत और महेंद्र रावत लाठी-डंडों से मारपीट करते हुए दिखाई दे रहे हैं, जबकि मौके पर लोगों की भीड़ भी मौजूद है। हालांकि, वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है।

पहले पक्ष के संतान रावत ने पुलिस अधीक्षक को दिए आवेदन में आरोप लगाया है कि रुपये की जरूरत होने पर पत्नी का मंगलसूत्र गिरवी रखने के दौरान अमन रावत और उसके साथियों ने मंगलसूत्र और 20 हजार रुपये छीन लिए। इसके बाद 30 जून को खोंकर मुर्गी फार्म के पास रास्ता रोककर लाठी-डंडों से जानलेवा हमला किया गया। इस मामले में कोलारस थाने में एफआईआर क्रमांक 0229/2026 दर्ज होने का भी उल्लेख किया गया है। संतान का आरोप है कि आरोपी अब समझौते का दबाव बना रहे हैं और जान से मारने की धमकी दे रहे हैं।

वहीं दूसरे पक्ष के अमन रावत ने एसपी को दिए आवेदन में दावा किया है कि 29 जून को उसकी बहन के साथ टेकरी शिवपुरी पर कथित छेड़छाड़ की घटना हुई थी, जिसके बाद समझाइश देकर मामला शांत कराया गया था। अमन का आरोप है कि 30 जून को जब वह ट्रैक्टर से खेत जा रहा था, तब संतान रावत, महेंद्र रावत और उनके साथियों ने रास्ता रोककर ट्रैक्टर से नीचे उतारा और लाठी-डंडों से मारपीट की। बीच-बचाव करने पहुंचे उसके भाई और अन्य लोगों के साथ भी मारपीट की गई।

अमन ने अपने आवेदन में कोलारस थाने के एक पुलिसकर्मी पर रिपोर्ट दर्ज करने के बदले एक लाख रुपये मांगने, मारपीट करने और झूठे केस में फंसाने की धमकी देने जैसे गंभीर आरोप भी लगाए हैं। उनका कहना है कि थाने के सीसीटीवी फुटेज और उनके पास मौजूद वीडियो से पूरे मामले की सच्चाई सामने आ सकती है।

दोनों पक्षों ने पुलिस अधीक्षक से निष्पक्ष जांच, दोषियों के खिलाफ कार्रवाई और अपने-अपने परिवार की सुरक्षा की मांग की है।

More from Fast SamacharMore posts in Fast Samachar »

Be First to Comment

Leave a Reply

error: Content is protected !!