शिवपुरी जिले के करेरा क्षेत्र में कानून व्यवस्था और सामाजिक सौहार्द को लेकर सर्वसमाज के नागरिकों ने अनुविभागीय अधिकारी (एसडीएम) को ज्ञापन सौंपकर लोधी युवा संघ के जिलाध्यक्ष आजाद लोधी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। ज्ञापन में ब्राह्मण, जाटव/अनुसूचित जाति, क्षत्रिय समाज सहित करेरा के प्रबुद्ध एवं जागरूक नागरिकों के शामिल होने का दावा किया गया है। ज्ञापन एसडीएम करेरा को सौंपा गया, जिसकी प्रति कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक को भी दी गई है।
ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि आजाद लोधी द्वारा भाजपा जिला अध्यक्ष और एक राशन वितरक को जातिसूचक शब्दों से अपमानित किया गया। साथ ही ब्राह्मण समाज एवं अन्य महिलाओं के प्रति कथित तौर पर अश्लील और आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल करने का आरोप लगाया गया है। ज्ञापन में दावा किया गया है कि आरोपी के खिलाफ अलग-अलग थानों में तीन एफआईआर दर्ज हो चुकी हैं, बावजूद इसके उसकी गिरफ्तारी नहीं हुई है।
ज्ञापन में गागा ऐप सहित कथित अवैध एवं अश्लील माध्यमों के जरिए ब्लैकमेलिंग और अवैध वसूली किए जाने के आरोप भी लगाए गए हैं। सर्वसमाज ने इन आरोपों की साइबर सेल से उच्च स्तरीय जांच कराने और इसमें संलिप्त लोगों की पहचान कर कार्रवाई करने की मांग की है।
ज्ञापन में आजाद लोधी को तत्काल गिरफ्तार करने, दर्ज मामलों में कानून के अनुसार कठोर कार्रवाई करने, कथित अवैध गतिविधियों की जांच कराने तथा आरोपी के खिलाफ राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (NSA) अथवा जिला बदर की कार्रवाई करने की मांग की गई है। इसके अलावा करेरा और पिछोर क्षेत्र में कानून व्यवस्था मजबूत करने तथा लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों की जवाबदेही तय करने की मांग भी रखी गई है।
ज्ञापन देने वालों ने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन ने मांगों पर शीघ्र ठोस और निष्पक्ष कार्रवाई नहीं की तो सर्वसमाज लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण तरीके से आंदोलन करने के लिए मजबूर होगा।







Be First to Comment