

(संजय चिड़ार) कोलारस। मैरिज गार्डन, मांगलिक भवन, होटल, धर्मशालाओं आदि में वैवाहिक, धार्मिक, सामाजिक एवं सांस्कृतिक समारोह इत्यादि के दौरान हर्ष फायर करना पूर्णत: प्रतिबंधित है। यदि किसी कार्यक्रम में शस्त्र का प्रदर्शन या गोली दागने अथवा हर्ष फायर की घटना होती है तो इसके लिये आयोजक सहित कार्यक्रम स्थल के मालिक व संचालकगण संयुक्त रूप से जबाबदेह होते हैं, लेकिन इसके बावजूद भी हर्ष फायर व शस्त्र लहराने की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। इसी तरह का मामला कोलारस क्षेत्र में देखने को मिला है। एक मैरिज हाउस के बाहर बरात के आगे-आगे डांस करने वालों में एक युवक कुर्ता पजामा में बंदूक हाथ में लेकर खुलेआम डांस करता दिखाई दे रहा है और वह बंदूक को हवा में लहराता भी है। बताया जाता है कि युवक ने अपनी बंदूक से हर्ष फायर भी दागे हैं, वहीं एक अन्य वीडियो में भी एक युवक बंदूक हाथ में लेकर दिखाई देता है और वह दूल्हे के पास जाता है कुछ गुप्तगू करके वापस आ जाता है। यहां बता दें कि जिलेभर में हर्ष फायर की घटनाओं में कई लोगों की मौत हो गई चुकी है, लेकिन इसके बाद भी लोग हर्ष फायर करना अपनी शान और शौकत समझते और ऐसा करके खुलेआम कानून का उल्लंघन करते हैं।
आयोजन स्थलों के संचालक की भी हैं जिम्मेदार
सार्वजनिक स्थलों, मैरिज गार्डन, मांगलिक भवन, होटल, धर्मशालायें इत्यादि जहाँ पर कार्यक्रम आयोजित हो रहे हैं, उनके मालिक व संचालकगणों की शस्त्रों के लहराने, हर्ष फायर करने अथवा शस्त्र लहराने की प्रवृत्ति को रोकने की जिम्मेदारी हैं, लेकिन इनके द्वारा इस ओर कोई ध्यान नहीं दिया जाता है। उल्लंघन करने पर आयुध अधिनियम एवं भारतीय दण्ड प्रक्रिया संहिता की धारा-188 के तहत दण्डनीय अपराध है।
नियम विरूद्ध संचालित हैं मैरिज हाउस, नहीं है पार्किंग
कोलारस नगर में एक दर्जन से अधिक मैरिज गार्डनों का संचालन किया जा रहा है। इनके पास न तो पार्किंग की व्यवस्था है और न ही अन्य मूलभूत सुविधाएं। इतना ही नहीं सुरक्षा के मानकों पर भी यह मैरिज गार्डन खरे नहीं उतर रहे हैं, फिर भी धड़ल्ले से इनका संचालन किया जा रहा है। हाइवे पर भी इन मैरिज गार्डनों का संचालन किया जा रहा है, जिससे शादियों के सीजन में हाइवे पर जाम के हालात नजर आते हैं। कस्बे के लोगों का कहना है कि शादी समारोह या अन्य कार्यक्रम के लिए यह मैरिज गार्डन संचालक मोटी रकम तो वसूलते हैं, लेकिन इनमें सुविधाएं कोई भी नहीं हैं।






Be First to Comment