
प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत 8 करोड़ महिलाओं को मिलेंगे नि:शुल्क गैस कनेक्शन
शिवपुरी। केंद्रीय ग्रामीण विकास, पंचायती राज एवं खान मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर ने कहा कि मार्च 2019 तक प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत 8 करोड़ महिलाओं को नि:शुल्क गैस कनेक्शन प्रदाय किए जाएगे। प्र
धानमंत्री आवास योजना के तहत आवासहीन परिवारों को डेढ़ लाख रूपए की राशि आवास निर्माण हेतु उनके खातों में जमा कराई जा रही है। इस योजना के तहत लाभांवित हितग्राहियों के परिवार में सौभाग्य योजना के तहत विद्युत कनेक्शन एवं एलईडी बल्ब और उज्ज्वला योजना के तहत नि:शुल्क गैस कनेक्शन दिए जाएगें।
केन्द्रीय मंत्री तोमर शिवपुरी जिले की करैरा तहसील के ग्राम टीला में ग्राम स्वराज दिवस, सौभाग्य दिवस एवं उज्ज्वला दिवस और प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास योजना दिवस के अवसर पर आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम में पूर्व विधायक एवं भाजपा के किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष रणवीर सिंह रावत, भाजपा जिलाध्यक्ष सुशील रघुवंशी, किसान मोर्चा राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य सुभाष जाटव,पूर्व विधायक रमेश खटीक, ओमप्रकाश खटीक, वीरेन्द्र रघुवंशी, देवेन्द्र जैन, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी राजेश कुमार जैन, अनुविभागीय दण्डाधिकारी करैरा अंकित अष्ठाना, जनपद अध्यक्ष करैरा श्रीमती वती आदिवासी, जनपद अध्यक्ष पिछोर लोकपाल लोधी सहित जनप्रतिनिधिगण एवं विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।
ग्राम टीला में की 72 लाख की लागत से नलजल योजना शुरू होगी
केन्द्रीय मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर ने इस मौके पर ग्राम टीला में 72 लाख की लागत से बनने वाली नलजल योजना की घोषणा कर कहा कि इस योजना के पूर्ण होने पर गांव के प्रत्येक घर में नलों के माध्यम से स्वच्छ एवं शुद्ध पेयजल प्राप्त होगा। उन्होंने इस अवसर पर प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बनाए गए आवासों के आवास परिसर में कम से कम पांच पौधे लगाए जाने एवं स्कूल जाने योग्य सभी बच्चों को स्कूल भेजने एवं गांव को स्वच्छ रखने का जनसमुदाय को संकल्प दिलाया।
केन्द्रीय मंत्री तोमर ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि केन्द्र सरकार द्वारा डॉ.बाबा साहब अम्बेडकर की जयंती 14 अप्रैल से 5 मई तक देश में ग्राम स्वराज अभियान संचालित किया गया है। इसी कड़ी में आज ग्राम स्वराज दिवस, सौभाग्य दिवस एवं उज्ज्वला दिवस और प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास योजना दिवस का अयोजन किया गया है। उन्होंने कहा कि 05 मई को अभियान के अंतिम दिन देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी झारखण्ड की राजधानी रांची में आजीविका दिवस के अवसर पर देश के 4 हजार विकासखण्डो के जनप्रतिनिधियों को संबोधित करेंगे।
केन्द्रीय मंत्री तोमर ने अपने उद्बोधन में कहा कि करैरा विधानसभा क्षेत्र के दो दिवसीय प्रवास के दौरान पहले दिन 112 करोड़ की लागत के विकास एवं निर्माण कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण किया है। जो करैरा के लिए एक बड़ी उपलब्धि है। इन कार्यों से करैरा क्षेत्र में विकास के नए आवाम जुड़ेगे। तोमर ने कहा कि नरेन्द्र मोदी की सरकार के पूर्व एक गांव में मुश्किल से एक एवं दो काम स्वीकृत हो पाते थे, लेकिन आज प्रधानमंत्री के नेतृत्व में एक विधानसभा क्षेत्र में एक ही दिन में 112 करोड़ के कार्य स्वीकृत किए गए है। उन्होंने कहा कि 2003 के पूर्व राज्य सरकार के पास पैसा नहीं था, लेकिन आज राज्य सरकार के पास विकास कार्यों के लिए पैसों की कोई कमी नहीं है।
केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि केन्द्र सरकार के माध्यम से 12 रूपए प्रतिवर्ष प्रीमियम पर प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना के तहत आम आदमी को सुरक्षा प्रदान की गई है। किसी प्रकार की घटना एवं दुर्घटना में मृत्यु होंने पर बीमित व्यक्ति के परिवारों को 2 लाख रूपए की राशि प्रदाय की जाएगी। उन्होंने अटल पेंशन योजना की जानकारी देते हुए कहा कि इस योजना के तहत ऐसे परिवार जो आयकर दाता नहीं है, उन्हें एक हजार से पांच हजार तक की पेंशन राशि प्राप्त होगी। मुखिया की मृत्यु होने पर पत्नि को मिलेगी, जबकि पत्नि की मृत्यु होने पर योजना की राशि परिजनों को मिलेगी।
केन्द्रीय मंत्री तोमर ने कहा कि प्रदेश में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों के अनेकों योजनाए संचालित की है, इन योजनाओं का लाभ लेने हेतु श्रमिक अपना पंजीयन कराए। जिससे इन योजनाओं का लाभ मिले सके। उन्होंने कहा कि श्रमिकों एवं गरीब परिवार के बच्चों के लिए उच्च शिक्षा हेतु मध्यप्रदेश सरकार द्वारा इंदौर एवं ग्वालियर में शिक्षण संस्थाए प्रारंभ हो रही है। जिसमें अध्ययन करने वाले बच्चों की 5 लाख तक की फीस राज्य सरकार वहन करेंगी। अगले सत्र से चयन परीक्षा के माध्यम से प्रवेश दिया जाएगा।
आयुष्मान दिवस ग्राम सभा में हितग्राहियों के पढ़कर सुनाए जाएगें नाम
केन्द्रीय मंत्री तोमर ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदीकेयर मेडीक्लेम योजना 30 अप्रैल को आयुष्मान दिवस के अवसर पर शुरू की जा रही है। इसी दिन सभी ग्राम सभाओं में पात्र हितग्राहियों की सूची पढ़कर सुनाई जाएगी। पात्र हितग्राही को 5 लाख तक का नि:शुल्क इलाज होगा। इस योजना के तहत देश के 10 करोड़ परिवारों के लगभग 50 करोड़ परिजन लाभांवित होंगे।
कार्यक्रम को पूर्व विधायक रणवीर रावत ने संबोधित कर केन्द्रीय मंत्री द्वारा क्षेत्र के विकास के लिए किए गए निर्माण कार्यों पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम के शुरू में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी राजेश कुमार जैन ने स्वागत भाषण देते हुए कहा कि ग्राम स्वराज अभियान पर प्रकाश डाला और जिले के चयनित 8 ग्रामों में किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी। इस मौके पर केन्द्रीय मंत्री का प्रधानमंत्री आवास योजना, सौभाग्य योजना के हितग्राहियों द्वारा अन्न की डलिया से स्वागत किया।
ग्राम पंचायत पनवारी धूंआ रहित होने पर सरपंच एवं सचिव हुआ सम्मानित
इस मौके पर कोलारस जनपद की ग्राम पंचायत पनवारी धूंआ मुक्त होने पर उक्त ग्राम पंचायत की सरपंच श्रीमती गुड्डी बाई एवं ग्राम रोजगार सहायक अरविंद सिंह का शॉल श्रीफल से सम्मान किया गया। सौभाग्य योजना के तहत जनपद पंचायत करैरा के ग्राम पंचायत रहगवां के शत प्रतिशत विद्युत कनेक्शन होने पर सरपंच एवं 4 हितग्राहियों को प्रमाण पत्र एवं एलईडी बल्ब प्रदाय किए गए। लाड़ली लक्ष्मी योजना अंतर्गत 2 हितग्राहियों को प्रमाण पत्र, उज्ज्वला योजना के तहत 2 हितग्राहियों को नि:शुल्क गैस कनेक्शन, प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास योजना के तहत 9 हितग्राहियों को स्वीकृत पत्र, खेत तालाब के एक हितग्राही को तथा पशुपालन विभाग के तीन हितग्राहियों को स्वीकृति पत्र वितरण किए गए।
विकास एवं निर्माण कार्यों का किया भूमिपूजन
केन्द्रीय मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर द्वारा ग्राम टीला में आयोजित कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के तहत 8 करोड़ 34 लाख 91 हजार रूपए की लागत के सिरसौद, पिछोर रोड़ से कुर्रोल वाया बड़ोरा खैराई एवं बम्हारी सड़क, 2 करोड़ 39 लाख 95 हजार की लागत के शिवपुरी-झांसी रोड़ से टीला सड़क, 1 करोड़ 69 लाख 34 हजार रूपए की लागत का सालवाई नदी पर ब्रिज के निर्माण तथा 25 लाख की लागत से बनने वाले ग्राम टीला में सामुदायिक भवन का भूमिपूजन किया। इसके पूर्व करैरा में 50 लाख की लागत से अस्पताल एवं बगीचा मार्ग के डामरीकरण मार्ग, 46 लाख की लागत से मार्केटिंग चौराहे से हाईवे मार्ग, 1 करोड़ 22 लाख की लागत से कॉलेज तिराहा से हाईवे मार्ग का भूमिपूजन कर तहसील करैरा में 15 लाख की लागत से निर्मित सुलभ शौचालय का लोकार्पण किया। तोमर ने सांसद निधि से 9 ग्राम पंचायतों में पेयजल आपूर्ति हेतु टेंकर प्रदाय किए। केन्द्रीय मंत्री ने शुक्रवार की देर शाम 48 करोड़ 46 लाख की लागत की करैरा में जलावर्धन योजना का भी भूमिपूजन किया।






Be First to Comment