शिवपुरी। पुलिस अधीक्षक सुनील कुमार पांडे, एड. कमल मौर्य के निर्देशन एवं एसडीओपी जीडी शर्मा के मार्गदर्शन में फिजीकल थाना पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर से भारतीय विद्यालय के पास सर्कुलर रोड पर एक मारूती 800 कार से 2 लाख 12500 रुपए की अवैध शराब जब्त की। बताया जा रहा है कि शराब तस्करी में पकड़े गए विपिन शिवहरे आप पार्टी में शिवपुरी विधानसभा संगठन प्रभारी के पद पर कार्यरत हैं।
जानकारी के अनुसार फिजीकल थाना प्रभारी विकास यादव को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि एक नीले काले रंग की मारूती 800 कार में अवैध शराब का परिवहन किया जा रहा है। इसके बाद फिजीकल थाना पुलिस ने ग्वालियर की ओर से आने वाले वाहनों की चैकिंग शुरू कर दी। इसी दौरान पुलिस ने सर्कुलर रोड पर मारूती 800 कार क्रमांक एम007 ई 4206 को चैक किया तो उसमें भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब मैक्डब्लड, गोवा, इम्पीरियल ब्लू, 8 पीएम एवं डीएसपी ब्रांड की 300 बोतलें मिलीं। पकड़ी गई शराब कीमत 2 लाख 12500 रुपए आंकी गई। पूछताछ में वाहन चालक ने अपना नाम विपिन पुत्र दयाराम शिवहरे उम्र 37 वर्ष निवासी आरके पुरम कॉलोनी शिवपुरी बताया। पुलिस ने आरोपी के विरूद्ध मामला पंजीबद्ध कर लिया। शराब पकड़ने में थाना प्रभारी विकास यादव, सउनि जगदीश पाराशर, पुष्पेन्द्र रावत, राहुल रजक, कोमल सिंह, ओमप्रकाश रावत, रविकांत की सराहनीय भूमिका रही।






Be First to Comment