शिवपुरी। शहर के चिंगारा कोठी क्षेत्र में किश्त विवाद को लेकर एक युवक के साथ मारपीट, जातिसूचक गालियां देने और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक से शिकायत कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और सुरक्षा की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, चिंगारा कोठी के पास निवासी जगभान जाटव ने शिकायत में बताया कि आशिफ खान द्वारा ली गई गाड़ी की किस्त और एजेंसी का करीब 40 हजार रुपये बकाया होने के चलते फायनेंस कंपनी का दबाव उस पर बनाया जा रहा था। जब उसने संबंधित व्यक्ति से किस्त जमा करने को कहा, तो विवाद बढ़ गया।
पीड़ित के अनुसार, 22 अप्रैल की शाम करीब 7 बजे फोरलेन चौकी के पास आशिफ खान, उसके भाई, सुमित लोधी और एक अन्य व्यक्ति ने उसे रोक लिया। आरोप है कि आरोपियों ने जातिसूचक गालियां दीं, लात-घूंसों से मारपीट की और पैर पर पत्थर मारकर घायल कर दिया। साथ ही जान से मारने की धमकी भी दी।
घटना के दौरान पीड़ित की पत्नी मौके पर पहुंची, जिसे देखकर आरोपी वहां से भाग गए। पीड़ित का आरोप है कि थाना देहात में शिकायत देने के बावजूद न तो मेडिकल परीक्षण कराया गया और न ही एफआईआर दर्ज की गई।
पीड़ित ने बताया कि आरोपी खुलेआम घूमकर शिकायत वापस लेने और राजीनामा करने का दबाव बना रहे हैं, जिससे उसके परिवार को जानमाल का खतरा बना हुआ है।
पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक से आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने, सुरक्षा प्रदान करने और मामले में उचित जांच कराने की मांग की है।







Be First to Comment