शिवपुरी: सिंहनिवास गांव में फायरिंग और मारपीट के मामले में अब पुलिस ने दूसरे पक्ष पर भी कार्रवाई करते हुए पूर्व जनपद अध्यक्ष पारम रावत के भाई जय सिंह रावत समेत चार लोगों के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया है। यह कार्रवाई ग्वालियर में इलाज करा रहे प्रमोद रावत और उनकी पत्नी के बयानों के आधार पर की गई है।
इस घटनाक्रम के बाद गांव का विवाद अब दोतरफा हो गया है। इससे पहले जय सिंह रावत की शिकायत पर सरपंच पति प्रभात रावत, उनके भाई प्रमोद और प्रगट रावत सहित अन्य आरोपियों पर केस दर्ज किया गया था। अब दूसरे पक्ष की ओर से भी गंभीर आरोप सामने आए हैं।
पत्नी ने बताया घटनाक्रम
ग्वालियर के जेएएच ट्रामा सेंटर में भर्ती प्रमोद रावत की पत्नी उमा रावत ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि 26 अप्रैल की रात करीब 11 बजे प्रमोद रावत पुलिया के पास से घर लौट रहे थे। इसी दौरान जय सिंह रावत, अरविंद रावत, दीवान रावत, लाखन रावत और अन्य लोगों ने उन्हें रोक लिया और पुरानी रंजिश को लेकर विवाद शुरू हो गया।
लाठी-रॉड से हमला, गंभीर चोटें
आरोप है कि सभी आरोपियों ने मिलकर लुहांगी, लोहे की रॉड और लाठियों से हमला किया। जय सिंह रावत पर सिर पर वार करने, अरविंद रावत पर कंधे और पीठ पर रॉड से हमला करने, जबकि दीवान और लाखन पर लाठियों से मारपीट के आरोप हैं। इस हमले में प्रमोद रावत को सिर, कंधे, पीठ, हाथ और पैर में गंभीर चोटें आईं।
ग्वालियर में चल रहा इलाज
घायल प्रमोद को पहले शिवपुरी मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर ग्वालियर रेफर किया गया। फिलहाल उनका इलाज जारी है और वे बयान देने की स्थिति में नहीं हैं।
पुलिस ने दर्ज किया केस
पुलिस ने जय सिंह रावत, अरविंद रावत, दीवान रावत, लाखन रावत और अन्य अज्ञात आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं में हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
इस घटनाक्रम के बाद सिंहनिवास गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है, वहीं पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए है।







Be First to Comment