शिवपुरी। जिला उपार्जन समिति द्वारा खरीफ विपणन वर्ष 2021-22 में समर्थन मूल्य पर धान एवं मोटे अनाज (ज्वार एवं बाजरा) के पंजीयन हेतु 11 संयुक्त केन्द्र निर्धारित किए गए है।
निर्धारित केन्द्रों में शिवपुरी में विपणन सहकारी संस्था शिवपुरी, कोटा में सेवा सहकारी संस्था कोटा, मण्डी पिपरसमा में हरदौल एग्रीकल्चर मार्केटिंग प्रो.कं., सिरसौद नयीबस्ती में सेवा सहकारी संस्था टोड़ा पिछोर, मंडी मगरोनी में सेवा सहकारी संस्था मगरौनी, मंडी नरवर में नल दमयंती विपणन सहकारी संस्था, पारागढ़ में ग्राम संगठन सीहोर, सेवा सहकारी संस्था सुनारी, सेवा सहकारी संस्था दिहायला, मंडी पोहरी में सेवा सहकारी संस्था बमरा एवं रन्नौद मण्डी में सेवा सहकारी संस्था अकाझिरी शामिल है।
पंजीयन कार्य 15 सितंबर से 14 अक्टूबर तक प्रातः 7 बजे से सांयकाल 9 बजे तक किया जाएगा। वन पट्टाधारी एवं सिकमी किसानों के पंजीयन की सुविधा केवल समिति स्तर पर होगी। वनाधिकारी पट्टाधरी/ सिकमीदारी किसानों को वन पट्टा एवं सिकी अनुबंध की प्रति उपलब्ध कराना होगी। सिकमी/बटाईदार किसानों को उपार्जन हेतु अधिकतम अनुबंधित कुल रकवा 5 हेक्टेयर से अधिक नहीं होगा। साथ ही किसान पंजीयन में 15 अगस्त तक कराये गये सिकमी/ बटाईदार अनुबंध ही मान्य होंगे। ई-उपार्जन पोर्टल एवं एमपी किसान एप पर खरीफ विपणन वर्ष 2021-22 के अंतर्गत पंजीयन मास्टर में दो विकल्प उपलब्ध होंगे यथा- पूर्व से पंजीकृत किसान एवं नवीन किसान पंजीयन। जिन किसानों द्वारा विगत खरीफ/रबी उपार्जन में पजीयन कराया गया था, ऐसे किसानों को पंजीयन हेतु दस्तावेज देने की आवश्यकता नहीं होगी। किसान के विगत वर्ष के पंजीयन में परिवर्तन/ संशोधन की आवश्यकता होने पर संबंधित दस्तावेज प्रमाण स्वरूप केन्द्र पर लेकर आना होंगे। जिन किसानों द्वारा विगत वर्ष पंजीयन नहीं कराया गया है, उन्हें पंजीयन हेतु समस्त आवश्यक दस्तावेजों- आधार नम्बर, बैंक खाता पास बुक, मोबाईल नम्बर एवं निर्धारित प्रारूप में आवेदन उपलब्ध कराना होगा। पंजीयन केन्द्रो पर नियुक्त समिति के द्वारा आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।






Be First to Comment