मंत्री राजा भैया के करीबी प्रधान-पति की बम मारकर हत्या, 2 गंभीर

प्रतापगढ़ जिले में अपराधी खौफजदा नहीं हैं, न ही कानून और पुलिस का कोई डर रहा, जिसके चलते बदमाशों ने सपा नेता और कैबिनेट मंत्री राजा भैया के करीबी और प्रधान-पति राजेश की बम से हमला कर हत्या कर दी. इस घटना में मृतक के गनर और ड्राइवर गंभीर रूप घायल बताए जा रहे हैं. दोनों घायलों को इलाहाबाद रेफर कर दिया गया है.
पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है. घटना को लेकर गांव में स्थित तनावपूर्ण बताई जा रही है. घटना की नजाकत देखते हुए पुलिस मौके पर है.मामला बाघराय थानाक्षेत्र के महमूदपुर गांव का है, जहां थाने के हिस्ट्रीशीटर प्रधानपति राजेश सिंह पर अज्ञात बदमाशों ने रविवार देर रात कमसिन तिराहे पर बम से हमला कर दिया. हमला इतना जोरदार बताया जाता है कि इनोवा के परखचे उड़ गए. इस घटना में प्रधान-पति की मौके पर ही मौत हो गई. वहीं, उनके गनर धीरज सिंह और ड्राइवर सोनू सिंह को गंभीर हालात में इलाहबाद रेफर कर दिया, जहां उनकी हालात गंभीर बताई जा रही है.
प्रधान-पति की हत्या की खबर से इलाके में तनाव का माहौल है. किसी प्रकार का कोई बवाल न हो, इसके लिए गांव में भारी पुलिस बल तैनात कर दी गई है. मृतक कैबिनेट मंत्री राजा भैया का करीबी बताया जाता है.
प्रतापगढ़ के एसपी माधव प्रसाद वर्मा ने कहा कि बेखौफ बदमाशों ने जिस तरह घटना को अंजाम दिया है, वह बहुत दुखद है. गंभीर रूप से घायलों को जीवन ज्योति अस्पताल इलाहाबाद में रेफर किया गया है. मामले में दो लोगों को हिरासत में लिया गया है. पुलिस घटना की जांच कर रही है.






Be First to Comment