शिवपुरी। जिले के बदरवास थाना क्षेत्र के ग्राम धामनटूक में खेत की मेड़ पटाने को लेकर विवाद हिंसक हो गया। आरोप है कि पड़ोसी पक्ष ने कुल्हाड़ी और लाठियों से हमला कर एक ही परिवार के चार लोगों को घायल कर दिया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, ग्राम धामनटूक निवासी देवेंद्र पुत्र हनुमत सिंह धाकड़ (30 वर्ष) ने बताया कि 2 जुलाई 2026 की दोपहर करीब 1 बजे वह अपने पिता हनुमत सिंह धाकड़ तथा भाइयों राजेश धाकड़ और नरेश धाकड़ के साथ भूड़िया वाले खेत में जुताई कर रहा था। इसी दौरान पड़ोसी दलूपा सिंह धाकड़, राजेंद्र धाकड़, संजीव धाकड़ और राजेंद्र के लड़का खेत की मेड़ पटाने लगे।
देवेंद्र ने जब मेड़ पटाने का विरोध किया तो आरोपियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर राजेंद्र धाकड़ ने कथित रूप से कुल्हाड़ी से हमला कर दिया, जिससे हनुमंत सिंह धाकड़ के सिर के कान के पास गंभीर चोट आई। इसके बाद संजीव धाकड़ ने लाठी से हमला कर उनके बाएं हाथ में चोट पहुंचाई।
पिता को बचाने पहुंचे राजेश धाकड़ के साथ भी मारपीट की गई। आरोप है कि संजीव धाकड़ ने लाठी से उसके सिर और पीठ पर वार किए। इसके बाद बीच-बचाव करने पहुंचे देवेन और नरेश के साथ भी दलूपा सिंह धाकड़ और विशाल धाकड़ ने लाठियों से मारपीट की। इस हमले में देवेन के सिर, बाएं हाथ और कंधे पर तथा नरेश के सिर और दोनों हाथों में चोटें आईं।
बदरवास थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।







Be First to Comment