
सांयकाल में होगी भजन संध्या
सचिन मोदी ,खनियांधाना, प्रति वर्ष की भांति इस वर्ष भी खनियाधाना में कृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर नगर के विभिन्न मंदिरों में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे तथा इस पर्व को धूमधाम से मनाने की सभी तैयारियां पूरी हो चुकी हैं । मुख्य कार्यक्रम नगर के बस स्टैंड स्थित गोविंद बिहारी मंदिर पर मनाया जाएगा जिसके लिए मंदिर को आकर्षक ढंग से सजाया जा रहा है तथा विशेष लाइटिंग की जा रही है । मंदिर के व्यवस्थापकों द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार भगवान श्री कृष्ण के जन्मदिन को मनाने के लिए 3 सितंबर को खनियाधाना नगर में भव्य विमान उत्सव कार्यक्रम का आयोजन होगा जिसमें शोभा यात्रा गोविंद बिहारी मंदिर से प्रारंभ होकर समस्त नगर में भ्रमण करते हुए वापस यही पर पहुंचेगी तथा इस अवसर पर रात्रि में भजन संध्या के कार्यक्रम का आयोजन भी किया गया है जिसमें प्रसिद्ध भजन गायक कौशल तिवारी द्वारा रात्रि 8:00 बजे से मंदिर प्रांगण में अपनी भक्ति में प्रस्तुतियां आकर्षक वाद्ययंत्रों द्वारा पेश की जाएगी इसके अलावा नगर के राज महल में स्थित श्री कृष्ण भगवान के मंदिर में भी विशेष कार्यक्रमों का आयोजन कर जन्माष्टमी का पर्व मनाया जाएगा
विशेष महत्व है गोविंद बिहारी मंदिर का
खनियाधाना नगर के बस स्टैंड पर स्थित गोविंद बिहारी मंदिर का अलग ही महत्व है । जहां एक ओर काफी प्राचीन होने के कारण इसकी धार्मिक महत्वता है वहीं दूसरी ओर खनियांधाना स्टेट के पूर्व महाराज खलक सिंह जूदेव ने जब अपने राज्य का त्याग कर दिया था तब उसके बाद काफी लंबा समय इसी मंदिर में साधु सन्यासी जैसा जीवन व्यतीत कर गुजारा । इसके अलावा जब महाराजा खलक सिंह ने अपने स्टेट में अमर शहीद क्रांतिकारी चंद्रशेखर आजाद को आश्रय दिया था तो आजाद भी इसी मंदिर पर रहते थे जिसके स्मृति चिन्ह आज भी यहां पर मौजूद है।






Be First to Comment