बदायूं

बदायूं में ऑनर किलिंग हुई है। यहां पिता ने बेटी और उसके प्रेमी की हत्या कर दी। मंगलवार सुबह 4 बजे प्रेमी प्रेमिका से मिलने पहुंचा था, तभी दोनों को लड़की के घरवालों ने देख लिया। पहले दोनों को जमकर पीटा। इसके बाद पिता ने फावड़े से दोनों को काट डाला।
कत्ल करने के बाद आरोपी पिता फावड़ा लेकर थाने पहुंचा और पुलिस के सामने सरेंडर कर दिया। वारदात की सूचना पर DIG डॉ. ओपी सिंह ने घटनास्थल पहुंचे। लोगों से पूछताछ की। लड़के के परिजनों की ओर से तहरीर दी गई है। आरोपियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा लिखा जा रहा है।
- चलिए आपको पूरी घटना बताते हैं…

डबल मर्डर के बाद डीआईजी ओपी सिंह मौके पर पहुंचे। लड़के के परिजनों से मामले की जानकारी ली।
गेट पर खड़े होकर बात कर रहे थे दोनों
पूरा मामला बिल्सी थाना क्षेत्र के गांव परौली का है। यहां के रहने वाले सचिन भार्गव उर्फ जयपाल (20) हरियाणा में ईंट भट्ठे पर मजदूरी करता था। 31 दिसंबर को ही घर आया था। उसके घर में 3 भाई व एक बहन है। घर से करीब 50 मीटर की दूरी पर रहने वाले महेश की बेटी नीतू से सचिन का करीब 3 साल से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। सचिन और नीतू के परिवार वालों को भी इसकी भनक थी। ऐसे में दोनों पक्षों के बीच तनातनी चल रही थी। बंदिशें भी लगाई गईं, लेकिन दोनों नहीं माने। फोन पर तो बात होती थी। इसके अलावा छुप-छुपकर मिलते भी थे।
आहट सुन जागे पिता, दोनों को देखा तो चिल्लाया
सोमवार की सुबह तकरीबन 4 बजे सचिन अपनी प्रेमिका नीतू से मिलने उसके घर पहुंच गया। इसी बीच नीतू के परिजन जाग गए। जैसे ही उन्होंने नीतू को सचिन के साथ देखा तो उन्होंने शोर मचाया। इससे पहले कि दोनों वहां भागते, परिजनों ने उन्हें पकड़ लिया। दोनों को पहले तो जमकर पीटा। इसके बाद पिता ने घर में रखे फावड़े से पहले प्रेमी पर ताबड़तोड़ वार किये, फिर अपनी बेटी के सिर पर वार कर दिया। दोनों की हत्या करने के बाद नीतू के दो भाई मां घर से भाग गए, लेकिन पिता महेश फावड़ा लेकर थाने पहुंच गया और सरेंडर कर दिया।
पहरेदार से बोला- बेटी और उसके प्रेमी को काटकर आया हूं
महेश के हाथ में खून से सना फावड़ा देख थाने में तैनात पहरेदार के होश उड़ गए। महेश ने पहरेदार को बताया कि उसने अपनी बेटी की हत्या कर दी है। उसके प्रेमी को भी मार डाला है। मुझे गिरफ्तार कर लो। कुछ पल के लिए तो पुलिस हैरत में पड़ गई। इसके बाद तत्काल उसे हिरासत में लिया। फिर उसे लेकर थाने की फोर्स घटनास्थल पर पहुंची। यहां पुलिस ने देखा तो पूरे घर में खून के छीटे बिखरे थे।
मेन गेट के पास दोनों की लाश पड़ी थी। महेश ने इतनी बुरी तरीके से चेहरे पर फावड़ा मारा था कि दोनों के चेहरे पहचान में नहीं आ रहे थे। गेट के बाहर तक खून बहा पड़ा था। पुलिस ने किसी तरह दोनों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। फॉरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की।
इसके बाद सचिन के घर जाकर उसके परिजनों से पूछताछ की। सचिन के परिवार की तरफ से तहरीर दी गई है। जिसके आधार पर पुलिस महेश और उसके परिवार पर हत्या का केस दर्ज करने की बात कह रही है।






Be First to Comment