शिवपुरी। कोलारस क्षेत्र के ग्राम गुड़ा निवासी चंदनिया यादव ने कलेक्टर कार्यालय में शिकायत कर अपने पति चिरौंजी यादव पर बीमारी की हालत में घर से निकालने और इलाज व भरण-पोषण के लिए खर्च नहीं देने के गंभीर आरोप लगाए हैं।
चंदनिया ने बताया कि करीब 25 साल पहले सामाजिक रीति-रिवाज से चिरौंजी यादव के साथ विवाह के बाद वह उनके साथ रह रही थी। पिछले करीब 2-3 वर्षों से उसकी तबीयत खराब रहने लगी। जांच कराने पर उसे कैंसर की बीमारी होने की जानकारी मिली और उसका इलाज चल रहा है।
महिला का आरोप है कि बीमारी के दौरान पति का व्यवहार बदल गया और करीब एक साल पहले तबीयत ज्यादा बिगड़ने पर उसे सिर्फ पहने हुए कपड़ों में घर से निकाल दिया गया। आरोप है कि उसके पूर्व पति से मिले जेवर भी उससे लेकर रख लिए गए।
इसके बाद महिला अपने मायके ग्राम गुड़ा आकर रहने लगी। उसने बताया कि उसके माता-पिता वृद्ध और आर्थिक रूप से कमजोर हैं, जिससे कैंसर जैसी गंभीर बीमारी का इलाज और भरण-पोषण कराना उनके लिए संभव नहीं है। महिला का आरोप है कि पति ने न तो उसकी बीमारी की सुध ली और न ही इलाज या खर्च के लिए कोई आर्थिक मदद दी।
चंदनिया यादव ने कलेक्टर से कैंसर के इलाज के लिए शासन से आर्थिक सहायता दिलाने, पति चिरौंजी यादव के विरुद्ध उचित कार्रवाई करने और भरण-पोषण के लिए खर्च दिलाने की मांग की है।





