Press "Enter" to skip to content

शिवराज बोले अब तक किए काम से संतुष्ट: राष्ट्रीय पुनर्निर्माण का मिशन बीजेपी, अपना योगदान देता रहूंगा गिलहरी की तरह 

भोपाल

पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि भारतीय जनता पार्टी, राष्ट्रीय पुनर्निर्माण का मिशन है, और मैं उस मिशन का कार्यकर्ता हूं, इसलिए उसे मिशन को पूरा करने में जहां जितनी उपयोगिता होगी गिलहरी की तरह अपना मैं योगदान देता रहूंगा। लेकिन इसके साथ-साथ सामाजिक सरोकार भी मेरे मिशन है। डॉक्टर मोहन यादव और उनकी पूरी टीम को एक कार्यकर्ता और नागरिक के नाते मैं सदैव सकारात्मक सहयोग करता रहूंगा। पार्टी के कार्यकर्ता के नाते मेरा तो यह लक्ष्य रहेगा कि पार्टी के साथ मध्य प्रदेश की सभी 29 लोकसभा सीट भारतीय जनता पार्टी जीते। इस लक्ष्य को प्राप्त करने में हम दिन-रात अपने आप को झोंक कर काम करेंगे।

जब पुराने की ओर नजर डालता हूं तो मन आनंद से भर जाता है

पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि 2023 जा रहा है, और वर्ष 2024 आ रहा है। नए वर्ष का स्वागत…लेकिन जब पुराने की तरफ मैं नजर डालता हूं तो मेरा मन आनंद और आत्म संतोष से भर जाता है। भारतीय जनता पार्टी ने फिर विशाल बहुमत से अब तक में सबसे ज्यादा वोट प्रतिशत लेकर फिर सरकार बनाई है। इसका सीधा अर्थ यह है कि सरकार के कामों से मध्यप्रदेश की जनता प्रसन्न थी, आनंदित थी, विकास और जन कल्याण दोनों ने जनता के दिल और दिमाग पर गहरा असर डाला था, इसलिए हमें भारी बहुमत मिला।

बीजेपी की जीत में सरकार के कामों का महत्वपूर्ण योगदान

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की लोकप्रियता, संगठन के कार्यकर्ताओं का काम, संगठनों के प्रयास, सभी ने जीत में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है लेकिन सरकार के कामों का इसमें महत्वपूर्ण योगदान है चाहे वह विकास के हों या जन कल्याण के काम हों। मैं इस प्रसन्नता के साथ लगातार 17 साल तक मुख्यमंत्री रहने के बाद भी जनता के मन में स्नेह, जनता के मन में विश्वास है आनंद के साथ विदा हुआ हूं। मुझे पूरा विश्वास है कि मोहन यादव के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी की सरकार विकास के कामों को प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में आगे और आगे ले जाएगी।

मोहन सरकार अच्छा काम करेगी, ऐसी उम्मीद

चौहान ने कहा कि एक अच्छा कार्यकर्ता सदैव यही सोचता है कि मेरे बाद आने वाला कार्यकर्ता मुझसे ज्यादा सफल हो। मेरी डॉ. मोहन यादव को बहुत-बहुत शुभकामनाएं। जगदीश देवड़ा, राजेंद्र शुक्ला और मंत्रिमंडल में वरिष्ठ साथी भी हैं। कैलाश विजयवर्गीय, प्रहलाद पटेल, राकेश सिंह, उदय प्रताप सिंह, कुंवर विजय शाह सब मिलकर भारतीय जनता पार्टी की सरकार को बहुत बेहतर चलाएंगे, और सकारात्मक सहयोग सदैव मैं करता रहूंगा।

MP को बीमारू से समृद्ध राज्य बनाया

शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि पिछले वर्षों में मेरी सरकार ने जो काम किया उसके कारण मुझे गर्व है कि मध्यप्रदेश बीमारू राज्य से एक समृद्ध और विकसित राज्य बन गया। एक जमाना था सड़क, बिजली, पानी कहीं भी पर्याप्त व्यवस्था नहीं थी लेकिन अब सड़कों का जाल हो, सिंचाई का पानी हो, पीने का पानी हो, बिजली का बेहतर इंतजाम हो और कृषि के क्षेत्र में तो मध्य प्रदेश ने नए रिकॉर्ड स्थापित किए हैं।

एग्रीकल्चर ग्रोथ मध्यप्रदेश की 18 प्लस रही है, कई बार 22% तक रही है जो अपने आप में दुनिया में एक रिकॉर्ड है और केवल खेती ही नहीं, खेती के साथ-साथ सीएम राइस जैसी परिकल्पना इस बार साकार की। शिक्षा के क्षेत्र में, स्वास्थ्य के क्षेत्र में, कई मेडिकल कॉलेज का निर्माण हुआ। लगभग 30 मेडिकल कॉलेज अब मध्य प्रदेश में हो जाएंगे। शहरी विकास हो, ग्रामीण विकास हो, मध्य प्रदेश की तस्वीर बदल गई है।

सांस्कृतिक पुनरुत्थान के काम हुए

पूर्व सीएम शिवराज ने कहा कि सांस्कृतिक पुनरुत्थान के कई महत्वपूर्ण काम हुए हैं। महाकाल महालोक हो, देवी लोक हो, राम राजा लोक हो, हनुमान लोक हो, संत रविदास का भव्य और विशाल मंदिर हो, रानी दुर्गावती का स्मारक हो, एक नहीं अनेकों काम करने का मुझे आनंद भी है और संतोष भी है। मेरा विश्वास है कि यह काम लगातार आगे बढ़ेंगे। वह राज्य जिसका कुल बजट कभी 21 हजार करोड रुपए हुआ करता था, आज 3 लाख 19 हजार करोड रुपए मध्यप्रदेश का बजट है। पर केपिटा इनकम बढ़कर सीधे 11 हजार से 1 लाख 40 हजार रुपए तक पहुंची है और जीएसडीपी हमारी जो कभी 71 हजार करोड़ रुपए की हुआ करती थी साढ़े 13 लाख करोड़ तो पिछले साल थी, इस बार 15 लाख करोड़ क्रॉस कर जाएगी। अब तो मन में संतोष है कि मध्यप्रदेश की प्रगति और विकास में बहुत उल्लेखनीय काम हम दे पाए। अब यह काम निरंतर आगे बढ़ते रहेंगे।

2024 सहित आगामी वर्षों के संकल्प

नव वर्ष की शुभकामनाएं देते हुए शिवराज ने कहा कि सभी प्रदेश वासी और देशवासियों को नए साल की हार्दिक शुभकामनाएं…। यह नया साल हमारे प्रदेश और देश की जनता की जिंदगी में सुख-समृद्धि और रिद्धि-सिद्धि लाए। सभी के घर और आंगन खुशियों से भर जाए। मेरा विश्वास है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में, इस नए साल में भी भारत की प्रगति और विकास का नया अध्याय लिखेगा। न केवल देश की प्रगति होगी, बल्कि जनता के कल्याण में भी गरीबों के कल्याण में भी, मोदी ऐतिहासिक काम करेंगे और पूरी दुनिया को भी दिशा दिखाने का काम होगा।

प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश लगातार आगे बढ़े और डॉक्टर मोहन यादव जी के नेतृत्व में मध्य प्रदेश निरंतर प्रगति और विकास की नई इबारत लिखें। यह मेरी शुभकामनाएं हैं लेकिन यह केवल शुभकामनाएं नहीं है, डॉक्टर मोहन यादव और उनकी पूरी टीम को एक कार्यकर्ता और नागरिक के नाते मैं सदैव सकारात्मक सहयोग करता रहूंगा।

लोकसभा चुनाव में 29 सीट जीतने दिन रात काम करेंगे

मुझे विश्वास है कि उनके नेतृत्व में मध्यप्रदेश निरंतर आगे बढ़ेगा। नए साल में नया चैलेंज है। मैं बड़ा चैलेंज नहीं मानता लेकिन 2024 में लोकसभा के चुनाव होने वाले हैं। पार्टी के कार्यकर्ता के नाते मेरा तो यह लक्ष्य रहेगा कि पार्टी के साथ मध्य प्रदेश की सभी 29 लोकसभा सीट भारतीय जनता पार्टी जीते।

इस लक्ष्य को प्राप्त करने में हम दिन-रात अपने आप को झोंक कर काम करेंगे। इसके साथ-साथ भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, पार्टी, प्रधानमंत्री, जो काम देंगे कार्यकर्ता के नाते उसे काम को मैं करूंगा क्योंकि भारतीय जनता पार्टी मेरे लिए पद प्राप्ति का माध्यम नहीं है।

महिला सशक्तिकरण मेरे लिए राजनीति का विषय नहीं

उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी, राष्ट्रीय पुनर्निर्माण का मिशन है और मैं उस मिशन का कार्यकर्ता हूं, इसलिए उसे मिशन को पूरा करने में जहां जितनी उपयोगिता होगी गिलहरी की तरह अपना मैं योगदान देता रहूंगा लेकिन इसके साथ-साथ सामाजिक सरोकार भी मेरे मिशन है। विशेषकर महिला सशक्तिकरण यह मेरे लिए राजनीति का विषय नहीं है। जब मैं कुछ नहीं था विधायक भी नहीं था, सांसद भी नहीं था, तब भी मैं बेटियों के लिए काम करता था।

विधायक बना तो गरीब बेटियों की शादी मैंने प्रारंभ की। सांसद बना तो ऐसी बेटियां जिनके माता-पिता नहीं थे, ऐसी 7 बेटियां हम अपने घर ले आए। मेरी धर्मपत्नी ने उन्हें पाल पोस कर बड़ा किया। पढ़ाई, लिखाई, शादी विवाह सब किया। मेरे मन में बचपन से यह पीड़ा रही है कि मां, बहन और बेटी को पूरा न्याय नहीं मिला। आधी आबादी को पूरा न्याय दिलाना मेरे जीवन का मिशन है।

इसलिए मुख्यमंत्री बनते ही, लाडली लक्ष्मी योजना उसके बाद लाड़ली बहना तक का हमारा सफर यह महिला सशक्तिकरण का एक बहुत प्रमुख आयाम था। मुझे बताते हुए प्रसन्नता है कि लाडली बहना जैसी योजना ने बहनों की जिंदगी बदली। अब लाड़ली बहना से लखपति बहना तक जाना है।

सरकार के काम में सहयोग करता रहूंगा

उन्होंने कहा कि सरकार अपना काम करेगी लेकिन सरकार के साथ-साथ बहनों को जोड़ना, समाज को जोड़ना, अवेयर करना, ट्रेनिंग देना, योजनाओं का लाभ दिलाना, उसमें में सक्रिय सहयोग करता रहूंगा। चौहान ने कहा कि बाल संरक्षण में, मैं बच्चों का मामा हूं बच्चे मुझे मामा कहते हैं।

मामा भी किसी पद के साथ थोड़ी होता है। मामा तो मामा होता है मेरा घर बी 8, 74 बंगला मामा का घर है उसके दरवाजे बहनों के लिए भांजे भांजियों के लिए भाइयों के लिए खुले रहेंगे और बच्चों के संरक्षण का काम भी में लगातार करता रहूंगा।

रोज पौधे लगाता रहूंगा

उन्होंने कहा कि पर्यावरण एक और विषय है यह धरती आने वाली पीढियां के रहने लायक बची रहे। इसलिए जरूरी है कि हम पर्यावरण बचाएं। इसलिए मैं रोज पेड़ लगाता हूं, पेड़ लगाने का मेरा क्रम जारी रहेगा। पर्यावरण के लिए और महत्वपूर्ण काम करेंगे।

प्रधानमंत्री का एक और मिशन है प्राकृतिक खेती और प्राकृतिक खेती पर भी मैं लगातार जोर देता रहूंगा। किसानों को अवेयर करता रहूंगा, जन कल्याण और किसानों के कल्याण के काम चलाते रहेंगे, मैं अपने परिवार के रूप में मध्यप्रदेश की जनता की सेवा मैं करता रहूंगा।

More from Fast SamacharMore posts in Fast Samachar »

Be First to Comment

Leave a Reply

error: Content is protected !!