राष्ट्रीय महासचिव ने कहा- कोरोना जैसे संकटों के बावजूद 9 वर्षों में सुदृढ़ हुई देश की अर्थव्यवस्था
शिवपुरी। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की सरकार के बीते 9 वर्ष सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण को समर्पित रहे हैं। इन 9 वर्षों में तमाम संकटों के बावजूद देश की अर्थव्यवस्था सुदृढ़ हुई है। मोदी सरकार की नीतियों से अभी हमने ब्रिटेन को पीछे छोड़ा है, जल्द ही प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत दुनिया की तीसरी बड़ी अर्थव्यवस्था बनेगा। मोदी सरकार का हमेशा यह प्रयास रहा है कि किस तरह 21 वीं सदी का भारत आगे बढ़े और दुनिया का नेतृत्व करे, शांति का संदेश दे। यह बात भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव श्री तरुण चुघ ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की सरकार के 9 वर्ष पूरे होने पर चलाए जा रहे विशेष जनसंपर्क अभियान के अंतर्गत सोमवार को शिवपुरी के होटल पीएस में आयोजित पत्रकार-वार्ता को संबोधित करते हुए कही।
दुनिया में घोटालेबाज देश के रूप में थी भारत की छवि
श्री चुघ ने कहा कि 2014 के पहले देश की अर्थव्यवस्था चरामराई हुई थी। भ्रष्टाचार के नए मामले और घोटाले हर दिन सामने आते थे। सीएजी की रिपोर्ट के अनुसार 2004 से 2014 के बीच देश में 12 लाख करोड़ से अधिक के घोटाले हुए और दुनिया भारत को एक घोटालेबाज देश के रूप में देखने लगी थी। सरकार के कई मंत्री या तो जेल में थे या फिर बेल यानी जमानत पर थे। मोदी सरकार ने सत्ता संभालने के बाद देश को उस स्थिति से बाहर निकाला। कांग्रेस सरकार के एक प्रधानमंत्री ने कहा था कि जब हम दिल्ली से 1 रुपया भेजते हैं, तो वह संबंधित व्यक्ति तक आते-आते 15 पैसा ही बचता है। लेकिन हमें गर्व है कि आज अगर हम दिल्ली से 1 रुपया भेजते हैं, तो उस व्यक्ति तक पूरा एक रुपया पहुंचता है।
ढाई सौ साल देश पर शासन करने वाले अंग्रेजों को पीछे छोड़ा
श्री चुघ ने कहा कि हम सभी के लिए यह गर्व का विषय है कि अर्थव्यवस्था के मामले में देश 11 वें स्थान पर था। मोदी सरकार द्वारा बीते 9 वर्षों में किए गए प्रयासों ने देश को पांचवें स्थान पर पहुंचा दिया है। हम सभी के लिए यह गर्व का विषय है कि अर्थव्यवस्था के मामले में देश ने उन अंग्रेजों को भी पछाड़ दिया है, जिन्होंने देश पर 250 साल शासन किया था। उन्होंने कहा कि हमारा देश मोदी जी के नेतृत्व में बहुत जल्द विश्व की तीसरी अर्थव्यवस्था बनेगा। श्री चुघ ने कहा कि 2011 में भारत की जीडीपी 112 लाख करोड़ थी, लेकिन मोदी सरकार ने जो सुधार किए उससे देश की जीडीपी अब 272 लाख करोड़ रुपये हो गई है। पहले जो प्रति व्यक्ति औसत वार्षिक आय 80 हजार रुपये थी, वो अब 1 लाख 70 हजार रुपये हो गई है, देश में 90 हजार नए स्टार्ट अप खोले गए हैं और 100 यूनिकॉर्न हैं। देश का विदेशी मुद्रा भंडार 50 लाख करोड़ से ऊपर पहुंच गया है।
गरीबों के जीवन में आये सुखद बदलाव
श्री चुघ ने कहा कि शपथ ग्रहण के पहले दिन से मोदी सरकार गरीब कल्याण को समर्पित रही है। इस सरकार के कार्यकाल में गरीबों के जीवन में ऐसे बदलाव आए हैं, जिनके बारे में उन्होंने पहले सोचा भी नहीं होगा। मोदी सरकार देश के 80 करोड़ गरीबों को मुफ्त राशन दे रही है। पहले जहां बड़ी आबादी को पीने के लिए स्वच्छ पानी नहीं मिलता था, अब 11 करोड़ घरों में नल से स्वच्छ जल पहुंच रहा है। 9 करोड़ से अधिक गरीब महिलाओं को गैस कनेक्शन दिये गए हैं। मोदी सरकार ने 46 करोड़ लोगों के जनधन खाते खोले और उन्हें बैंकिंग प्रक्रिया से जोड़ा। मोदी सरकार ने देश में 10 करोड़ शौचालय बनाए और 3.5 करोड़ से अधिक परिवारों को पक्के मकान दिए हैं। मोदी सरकार ने 50 करोड़ से अधिक लोगों आयुष्मान भारत योजना से जोड़कर 5 लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज उपलब्ध कराया है।
बेटियों के जन्म से लेकर पढ़ाई और शादी तक की चिंता करती है हमारी सरकार
श्री चुघ ने कहा कि बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ को साकार करने के लिए मोदी सरकार ने ऐसे कदम उठाए हैं, जिनसे बेटियां न सिर्फ बच रही हैं बल्कि पढ़ भी रही हैं और आगे बढ़ भी रही हैं। आज देश की सशस्त्र सेनाओं से लेकर हर क्षेत्र में बेटियां बराबरी से काम कर रही हैं। जिन हितग्राहियों को मुद्रा लोन दिये गए हैं, उनमें 7 प्रतिशत बेटियां ही हैं। दूसरी तरफ प्रदेश की शिवराज सरकार ने बेटियों के कल्याण के लिए लाडली लक्ष्मी योजना शुरू की। बहनों को आर्थिक रूप से सक्षम बनाने के लिए शिवराज सरकार ने लाडली बहना योजना शुरू की है और हाल ही में एक करोड़ 25 लाख लाडली बहिनों के खाते में सिंगल क्लिक के माध्यम से एक-एक हजार रुपये की राशि भेजी गई है। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार बेटी के पैदा होने से लेकर उसकी पढ़ाई लिखाई और उसकी शादी से लेकर उसके परिवार चलाने तक की चिंता कर रही है।
कृषि और किसानों की भलाई के लिए संकल्पित है सरकार
श्री चुघ ने कहा कि कृषि के क्षेत्र में मोदी सरकार ने बड़ी छलांग लगाई है। पहले कृषि का जो बजट 12 हजार करोड़ रुपये हुआ करता था, वो अब बढ़कर 1 लाख 25 हजार करोड़ रुपये हो गया है। मोदी सरकार देश के 11 करोड़ किसानों को हर साल 6 हजार रुपये किसान सम्मान निधि दे रही है और अब तक किसान सम्मान निधि के रूप में 2.5 लाख करोड़ रुपये दिये जा चुके हैं। सरकार ने देश में कृषि इंफ्रास्ट्रक्चर के विकास के लिए 1 लाख करोड़ का अलग से प्रावधान किया है। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना से कृषि का जोखिम कम हुआ है, वहीं एफपीओ और फूड पार्क शुरू किए जा रहे हैं।
अभियान के दौरान घर-घर पहुंचाएंगे मोदी सरकार का रिपोर्ट कॉर्ड
श्री चुघ ने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार ने अपने कार्यकाल के 9 वर्ष पूरे कर लिए हैं। इन सालों में मोदी सरकार ने जो काम किए हैं, उन्हें देश के लोगों तक पहुंचाने के लिए 30 जून तक महा जनसंपर्क अभियान चलाया जा रहा है। इसकी शुरुआत प्रधानमंत्री जी ने अजमेर से की थी। इस अभियान के दौरान पार्टी के 250 कार्यकर्ता देश के सभी 144 क्लस्टर्स में जा रहे हैं। ये कार्यकर्ता देश के 5 लाख विशिष्ट व्यक्तियों से मिलेंगे और पत्रकार वार्ता, सभाओं के माध्यम से मोदी सरकार का 9 वर्षों का रिपोर्ट कॉर्ड जनता तक पहुंचाएंगे।
पत्रकार-वार्ता में पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं संभाग प्रभारी श्री जीतू जिराती, पार्टी के प्रदेश मंत्री श्री केशव सिंह भदोरिया, जिला अध्यक्ष श्री राजू बाथम, सांसद श्री केपी यादव, प्रदेश सह मीडिया प्रभारी श्री जवाहर प्रजापति उपस्थित थे।

अभी ब्रिटेन को पछाड़ा है, मोदी जी के नेतृत्व में दुनिया की तीसरी अर्थव्यवस्था बनेगा भारतः तरुण चुघ / Shivpuri News
More from Fast SamacharMore posts in Fast Samachar »
- रेलवे स्टेशन रोड पर खुले सीवेज चेंबर में फंसी गाड़ियां, हादसे का बना खतरा / Shivpuri News
- एजुकेशन डायलॉग में छाया अशोकनगर का शिक्षा मॉडल, DEO मधु शर्मा ने रखे डिजिटल नवाचार / Shivpuri News
- रेलवे ट्रैक पर मिला 22 वर्षीय युवक का शव, परिजनों ने जताई अनहोनी की आशंका / Shivpuri News
- राशन वितरण में अनियमितता की जांच के लिए 4 सदस्यीय दल गठित, 15 दिन में देनी होगी रिपोर्ट / Shivpuri News
- शिवपुरी के अत्याधुनिक मुख्य डाकघर का लोकार्पण, सिंधिया ने खुद टोकन लेकर समझाई डिजिटल व्यवस्था / Shivpuri News
More from ShivpuriMore posts in Shivpuri »
- रेलवे स्टेशन रोड पर खुले सीवेज चेंबर में फंसी गाड़ियां, हादसे का बना खतरा / Shivpuri News
- रेलवे ट्रैक पर मिला 22 वर्षीय युवक का शव, परिजनों ने जताई अनहोनी की आशंका / Shivpuri News
- राशन वितरण में अनियमितता की जांच के लिए 4 सदस्यीय दल गठित, 15 दिन में देनी होगी रिपोर्ट / Shivpuri News
- शिवपुरी के अत्याधुनिक मुख्य डाकघर का लोकार्पण, सिंधिया ने खुद टोकन लेकर समझाई डिजिटल व्यवस्था / Shivpuri News
- शिवपुरी में देश के 7वें पोस्टल ट्रेनिंग सेंटर की नींव, अब डाक कर्मचारियों को नहीं जाना पड़ेगा 600 किमी दूर / Shivpuri News






Be First to Comment