Press "Enter" to skip to content

एजुकेशन डायलॉग में छाया अशोकनगर का शिक्षा मॉडल, DEO मधु शर्मा ने रखे डिजिटल नवाचार / Shivpuri News

अशोकनगर। शिक्षा के क्षेत्र में नवाचारों और तकनीकी पहलों को नई दिशा देने के उद्देश्य से इंदौर में आयोजित ‘एजुकेशन डायलॉग—बेहतर शिक्षा के नए विचार’ कार्यक्रम में अशोकनगर जिले की शैक्षिक प्रगति और डिजिटल पहलों की विशेष चर्चा हुई। कार्यक्रम में जिले की ओर से जिला शिक्षा अधिकारी मधु शर्मा ने शैक्षिक नवाचारों और आगामी योजनाओं का प्रस्तुतिकरण किया।

सांदीपनी शासकीय अहिल्या आश्रम उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, इंदौर में आयोजित इस कार्यक्रम में प्रदेश के विभिन्न जिलों के विद्यालयों में किए जा रहे नवाचारों, तकनीकी पहलों और आगामी योजनाओं को साझा किया गया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अशोकनगर जिले में शिक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों और नवाचारों की सराहना करते हुए इन्हें आगे बढ़ाने पर जोर दिया।

डिजिटल तकनीक से शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने पर जोर

जिला शिक्षा अधिकारी मधु शर्मा ने अशोकनगर जिले में संचालित विभिन्न शैक्षिक नवाचारों की जानकारी देते हुए भविष्य में प्रस्तावित योजनाओं के बारे में भी बताया। उन्होंने जिले में विकसित किए जा रहे ऐप सिस्टम का उल्लेख करते हुए बताया कि डिजिटल तकनीक के माध्यम से शैक्षिक गतिविधियों को अधिक प्रभावी, सुगम और व्यवस्थित बनाने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

संवाद के दौरान शिक्षा में तकनीक के बढ़ते महत्व, डिजिटल संसाधनों के प्रभावी उपयोग, नवाचार आधारित शिक्षण और विद्यार्थियों की सक्रिय सहभागिता जैसे विषयों पर भी चर्चा हुई। अशोकनगर में तकनीक के माध्यम से शिक्षा व्यवस्था को व्यवस्थित करने की पहल को शिक्षा के आधुनिकीकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना गया।

कार्यक्रम में सहायक संचालक एनिश जैन, सांदीपनी विद्यालय अशोकनगर से अंकित जैन तथा पीएम श्री गर्ल्स हायर सेकेंडरी स्कूल मुंगावली से सृष्टि हरदिया उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य प्रदेश में शिक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे सफल नवाचारों को साझा करना और तकनीकी संसाधनों के बेहतर उपयोग के माध्यम से विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने की दिशा में नए विचारों को आगे बढ़ाना रहा। मुख्यमंत्री द्वारा अशोकनगर की पहलों की सराहना को जिले के शिक्षा विभाग के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।

More from Fast SamacharMore posts in Fast Samachar »

Be First to Comment

Leave a Reply

error: Content is protected !!