Press "Enter" to skip to content

शिवपुरी में देश के 7वें पोस्टल ट्रेनिंग सेंटर की नींव, अब डाक कर्मचारियों को नहीं जाना पड़ेगा 600 किमी दूर / Shivpuri News

शिवपुरी। केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री तथा गुना सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया ने बुधवार को शिवपुरी में देश के 7वें पोस्टल ट्रेनिंग सेंटर का भूमिपूजन किया। आधुनिक तकनीक और नई पीढ़ी के कौशल से सुसज्जित होने वाला यह केंद्र मध्य प्रदेश सहित आसपास के राज्यों के डाक कर्मचारियों के प्रशिक्षण और क्षमता निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

भूमिपूजन कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने कहा कि पोस्टल ट्रेनिंग सेंटर शुरू होने से मध्य प्रदेश के डाक कर्मचारियों को प्रशिक्षण के लिए करीब 600 किलोमीटर दूर नहीं जाना पड़ेगा। शिवपुरी में ही उन्हें आधुनिक सुविधाओं और नई तकनीकों से जुड़ा प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जाएगा।

देश में छह केंद्र पहले से संचालित

सिंधिया ने बताया कि शिवपुरी का केंद्र देश में पहले से संचालित छह पोस्टल ट्रेनिंग सेंटरों की श्रृंखला का विस्तार है। वर्तमान में सहारनपुर, वडोदरा, मैसूर, गुवाहाटी, मदुरई और दरभंगा में प्रशिक्षण केंद्र संचालित हैं, जहां प्रतिवर्ष करीब 2 हजार डाक कर्मचारियों को प्रशिक्षण दिया जाता है।

उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश क्षेत्रफल की दृष्टि से देश का दूसरा सबसे बड़ा राज्य है और शिवपुरी की भौगोलिक स्थिति एवं बेहतर कनेक्टिविटी इसे राष्ट्रीय स्तर के प्रशिक्षण केंद्र के लिए उपयुक्त बनाती है। यहां डाक कर्मचारियों को विशेषज्ञता आधारित और तकनीक-सक्षम प्रशिक्षण दिया जाएगा।

एक साल में 2,078 करोड़ बढ़ा डाक विभाग का राजस्व

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के डिजिटल डाक सेवा के संकल्प के अनुरूप डाक विभाग लगातार आधुनिक सेवाओं की ओर बढ़ रहा है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2024 में डाक विभाग का राजस्व 13,218 करोड़ रुपए था, जो वर्ष 2025 में बढ़कर 15,296 करोड़ रुपए हो गया। इस तरह एक वर्ष में 2,078 करोड़ रुपए की वृद्धि दर्ज की गई।

उन्होंने कहा कि डाक विभाग अब केवल पारंपरिक डाक सेवाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि डिजिटल सेवाओं और आधुनिक तकनीक के माध्यम से नागरिकों की बदलती जरूरतों के अनुरूप खुद को तैयार कर रहा है। शिवपुरी का नया प्रशिक्षण केंद्र इस बदलाव को और गति देगा।

कार्यक्रम में शिवपुरी विधायक देवेंद्र जैन, कोलारस विधायक महेंद्र यादव, पिछोर विधायक प्रीतम लोधी, कलेक्टर अर्पित वर्मा, पुलिस अधीक्षक यांगचेन डोलकर भूटिया, जिला पंचायत अध्यक्ष नेहा यादव, नगर पालिका अध्यक्ष गायत्री शर्मा सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में आमजन मौजूद रहे।

More from Fast SamacharMore posts in Fast Samachar »
More from ShivpuriMore posts in Shivpuri »

Be First to Comment

Leave a Reply

error: Content is protected !!