शिवपुरी: दिनारा स्थित शासकीय प्राथमिक व माध्यमिक स्कूल कुंड में स्कूल भवन के चारों तरफ बाउंड्रीवॉल नहीं है। इससे न केवल दिन में स्कूल परिसर में आवारा मवेशियों का जमावड़ा लगता है, बल्कि रात के समय यहां पर शराबी व जुआरी भी एकत्रित होते हैं। ऐसे में सुबह के समय स्कूल मैदान में शराब का खाली वारदाना व कचरा मिलता है, इससे बच्चे भी चोटिल होते हैं। जिम्मेदार प्रबंधन इस तरफ कोई ध्यान नहीं दे रहा।
स्कूल के कुछ शिक्षकों ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि स्कूल में रात के समय आने वाले शराबी यहां पर नलों व टोटी की तोड़फोड़ करके चले जाते हैं। साथ ही यहां शराब पीने के बाद खाली बोतलें छोड़ जाते हैं, जिससे छात्र व छात्राओं को परेशानी होती है। स्कूल निर्माण पर लाखों रुपए खर्च किए गए, लेकिन बाउंड्रीवॉल नहीं बन सकी है। इसी कारण से स्कूल परिसर के अंदर पौध रोपण तक नहीं हो पा रहा है। स्कूल प्रबंधन वरिष्ठ अधिकारियों को कई बार बाउंड्रीवॉल बनाने का प्रस्ताव भेज चुका है, इसके बाद भी अभी तक कोई सुनवाई नहीं हुई।
इनका कहना है
सतीश कुमार अररिया, विद्यालय प्रभारी, कुंड ने कहा कि मेरी तो अभी नई-नई जॉइनिंग हुई है। बताया गया है कि पूर्व में रहे प्रबंधक ने कई बार लिखित में बाउंड्रीवॉल का प्रस्ताव भेजा है, लेकिन कोई ध्यान नहीं दिया। सुबह स्कूल मैदान में शराब के खाली वारदाने, नमकीन व अन्य कचरे की सफाई करवानी पड़ती है। अब हम नए सिरे से बाउंड्रीवॉल बनवाने के लिए प्रयास करेगें।






Be First to Comment