शिवपुरी। चुनावी बेला शुरू हो चुकी है। सभी दलों के प्रत्याशी वार्ड में जनता से वोट मांगने जा रहे हैं। वहीं कई वार्ड ऐसे हैं जिसके रहवासी चुनाव का बहिष्कार कर रहे हैं। बहिष्कार का कारण वार्ड में वर्षों बाद भी समस्याओं का निराकरण नहीं किया जाना और मूलभूत सुविधाएं न मिलना है। अभ कुछ दिन पहले दीनदयाल पुरम व द्धारिकापुरी वासी भी चुनाव का बहिष्कार कर चुके हैं। इसी क्रम में अब कटरा मोहल्ला के रहवासियों ने भी समस्याओं को लेकर चुनाव का बहिष्कार कर दिया है। वार्डवासियों का कहना है कि जब तक हमारी समस्या हल नहीं होती हम किसी भी प्रत्याशी को वोट नहीं देंगे।
वार्ड के रहवासियों ने एक बैनर बनाकर कॉलोनी के मुख्य द्धार पर लगा दिया है। बैनर में लिखा हुआ है कि कोई भी प्रत्याशी इस मोहल्ले में वोट मांगने न आए क्योंकि किसी ने भी इस मोहल्ला में जल भराव की समस्या का निराकरण नहीं किया है। यह बता दें कि कटरा मोहल्ला में वार्ड 21 व 22 के रहवासी रहते हैं। स्थानीय रहवासियों ने बताया कि विगत कई वर्षो से यहां न तो सड़क की सही व्यवस्था है और न ही पानी निकासी की कोई व्यवस्था है। बारिश न होने पर भी यहां गंदा पानी भरा रहता है जिससे बीमारिया फैल रही है। वही बरसात में यह कॉलोनी तालाब में परिवर्तित हो जाती है। हर बार चुनाव आते हैं पार्षद वादे करते हैं और फिर गायब हो जाते हैं। इसलिए हम सभी रहवासियों ने किसी भी प्रत्याशी को वोट न देने का फैसला किया है।
इनका कहना है
जल भराव की समस्या को लेकर जनसुनवाई, कलेक्टर, एसडीएम, नपा तथा मंत्री तक को आवेदन दे दिए लेकिन किसी ने कोई भी कार्रवाई नहीं की। जब भी चुनाव आते हैं चुनाव लड़ने वाले प्रत्याशी वादा कर चले जाते हैं और जीतने के बाद कोई सुनवाई नहीं करते। इसलिए इस बार हम चुनाव का बहिष्कार करेंगे।
सचिन बेडिया, स्थानीय रहवासी
—
पिछले कई वर्षो से कॉलोनी में जल भराव की समस्या है। सभी जगह आवेदन दिए लेकिन
कोई हल नहीं हुआ। यहां हमेशा गंदा पानी भरा रहता है बरसात में कॉलोनी तालाब बन जाती है।
कलावती, स्थानीय रहवासी






Be First to Comment