,

आधी रात को हथियारों के साथ घूमे पांच नकाबपोश, CCTV में कैद हुई संदिग्ध गतिविधियां / Shivpuri News

शिवपुरी। भौती थाना क्षेत्र के खोड़ गांव में शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात पांच नकाबपोश बदमाशों के घूमने से ग्रामीणों में दहशत का माहौल बन गया। बदमाशों के हाथों में लोहे की रॉड सहित अन्य हथियार नजर आए। उनकी संदिग्ध गतिविधियां गांव में लगे CCTV कैमरों में कैद हो गई हैं।

जानकारी के अनुसार रात करीब 12:30 बजे पांचों संदिग्ध शटर चौराहा पर दिखाई दिए। इसके बाद करीब दो घंटे तक वे कस्बे के अलग-अलग हिस्सों में घूमते रहे और कई स्थानों की रैकी करते नजर आए। आशंका जताई जा रही है कि बदमाश किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे। हालांकि, उन्हें चोरी के लिए कोई खास सामान नहीं मिला।

इसके बाद बदमाश खोड़ निवासी मनोज नीखरा के मकान के बाहर पहुंचे। यहां उन्होंने घर के बाहर लगा LED बल्ब निकाला और मौके से फरार हो गए।

सुबह घटना की जानकारी मिलने के बाद मनोज नीखरा सहित ग्रामीण खोड़ चौकी पहुंचे और पुलिस को शिकायत दी। ग्रामीणों ने रात के समय पुलिस गश्त बढ़ाने के साथ ही CCTV फुटेज के आधार पर बदमाशों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने की मांग की।

मामले को गंभीरता से लेते हुए खोड़ चौकी प्रभारी संजय लोधी ने बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस CCTV फुटेज खंगालकर संदिग्धों की पहचान करने का प्रयास कर रही है।