शिवपुरी। जिला अस्पताल शिवपुरी के प्रसव उपरांत वार्ड में भर्ती एक प्रसूता के ऊपर सीलिंग फेन गिर गया। पाइप टूटने से पंखा नीचे गिरा, जिससे पलंग पर बैठक प्रसूता के हाथ में हल्की चोट आई है। बैठी होने की वजह से जच्चा-बच्चा सुरक्षित हैं। रविवार की शाम अस्पताल में बड़ा हादसा टल गया। रीना (23) पत्नी नफीस कुर्रेशी निवासी पुरानी शिवपुरी ने रविवार की सुबह नॉर्मल डिलीवरी से बेटे को जन्म दिया था। प्रसव उपरांत वार्ड में भर्ती करा दिया।
रविवार शाम 6:30 बजे के बाद प्रसूता जिस पलंग पर भर्ती थी, वहां का पंखा बंद था। वह उठकर दूसरे पलंग पर चली गई और स्टूल पर सास नसीम व मौसी समीन बैठी थी। चाय पीने की कहकर दोनों बाहर चली गईं और रीना अपने नवजात को गोद में लेकर बैठी थी। उसी वक्त अचानक सीलिंग पंखा गिरा, जिससे हाथ में चोट आई है। यदि प्रसूता लेटी होती तो जच्चा व बच्चा दोनों को गंभीर चोट आ सकती थी।
रिपेयरिंग कराएंगे, ताकि भविष्य में ऐसी घटना ना हो
सीलिंग फेन काफी समय पहले लगे थे। हम पंखे चैक कराएंगे कि अंदर से पाइप आदि घिसे तो नहीं है। रिपेयरिंग कराएंगे, ताकि भविष्य में ऐसी घटना ना हो। – डॉ आरके चौधरी, सिविल सर्जन, जिला अस्पताल शिवपुरी






Be First to Comment