Press "Enter" to skip to content

जैनाचार्य कुलचंद्र सुरिश्वर जी म.सा. के सानिध्य में सम्पन्न हुआ दीक्षा कार्यक्रम, जैन श्रावक-श्राविकाओं ने की अनुमोदना / Shivpuri News

50 वर्षो में पहली बार शिवपुरी में भागवती जैन दीक्षा का अवसर
मुमुक्षु इपालभाई का अब आध्यात्मिक नामकरण मुनिश्री कुलधर्म विजय श्री जी हुआ

शिवपुरी। बडोदरा निवासी मुमुक्षु इपालभाई को जैन दीक्षा देते समय जैनाचार्य कुलचंद्र सुरिश्वर महाराज ने उनका नया नाम मुनिश्री कुलधर्म विजय श्री जी म.सा. किया। विधिविधान पूर्वक नामकरण करते समय आचार्य कुलचंद्र सुरिश्वर महाराज ने कहा कि संसार से सारे संबंध तोडऩे के क्रम में आध्यात्मिक नामकरण किया जाता है। इपालभाई अब मुनिश्री कुलधर्म विजय श्री के नाम से जाने जाएंगे। उन्होंने नवोदय शिष्य मुनिश्री कुलधर्म विजय श्री जी को उपदेश देते हुए कहा कि जीवन को सफल बनाने का उन्हें अनुपम अवसर मिला है। मुनि धर्म की दिनचर्या में वह स्वाध्याय और गुरू भगवंतों की सेवा को लक्ष्य बनाकर मोक्ष रूपी लक्ष्मी का वरण करें। उन्होंने कहा कि वह इस समय का अपनी साधना के लिए उपयोग करें। निद्रा को कम करें, मोबाइल का उपयोग न करें तथा अपनी आत्मा का कल्याण करें। इसके पूर्व मुुमुक्षु इपालभाई का उनके परिजनों ने अंतिम रूप से तिलक लगाकर सम्मान किया और इपालभाई ने दीक्षा के लिए आवश्यक लोच (मुंडन) किया और मुनि वस्त्र धारण किए। दीक्षा लेने का जब अवसर आया तो आनंद से उल्लासित होकर इपालभाई हर्षातिरेक में नाचने लगे और तालियों की गडग़ड़ाहट से उपस्थित जनसमूह ने उनका सम्मान किया।
इस वर्ष श्वेताम्बर जैन समाज जैनाचार्य कुलचंद्र सुरिश्वर महाराज ठाणा 3 और साध्वी रत्ना श्री जी महाराज साहब ठाणा 6 का चार्तुमास करा रहा है। जैन संतों और साध्वियों का भव्य नगर प्रवेश मुहुर्त अनुसार 2 जुलाई को है। लेकिन अचानक इपालभाई की दीक्षा का अवसर आने के कारण जैनाचार्य कुलचंद्र सुरिश्वर महाराज और अन्य साधू-साध्वियों ने 35-35 किमी का पद बिहार किया और वे कल 22 जून को शिवपुरी पहुंचे। शिवपुरी जैन समाज ने ग्वालियर वायपास पर गाजे बाजे और उत्साह के साथ उनका स्वागत वंदन और अभिनंदन किया। उनके साथ मुमुक्षु इपालभाई भी शिवपुरी आए। मंदिरवासी श्वेताम्बर समाज के अध्यक्ष दशरथमल सांखला, चार्तुमास कमेटी के संयोजक तेजमल सांखला और सचिव विजय पारख ने उनका शॉल, श्रीफल तथा माल्यापर्ण से सम्मान किया। स्थानकवासी समाज तथा ब्राह्मी महिला मंडल सहित अनेक श्रावक और श्राविकाओं ने इपालभाई का सम्मान किया।

भव्य चार्तुमासी प्रवेश 2 जुलाई को, महामहिम राज्यपाल आएंगे
जैनाचार्य कुलचंद्र सुरिश्वर जी महाराज साहब ठाणा 3 और शासन रत्ना पूज्य श्रीजी साध्वी ठाणा 6 सतियोंं का विधिवत चार्तुमास हेतु नगर प्रवेश 2 जुलाई को होगा। इस समारोह में विशेष रूप से प्रदेश के राज्यपाल मंगु भाई पटेल शिवपुरी पधार रहे हैं। इस अवसर पर चल समारोह 2 जुलाई को सुबह 8 बजे समाधि मंदिर (बीटीपी स्कूल) से प्रारंभ होगा। चल समारोह सुबह 9 बजे पाश्र्वनाथ जैन मंदिर कोर्ट रोड पहुंचेगा। जहां से चल समारोह परिणय वाटिका की ओर जाएगा।

More from Fast SamacharMore posts in Fast Samachar »

Be First to Comment

Leave a Reply

error: Content is protected !!