शिवपुरी। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर मंगलवार को शहर के विभिन्न स्थानों पर सूर्य नमस्कार सहित योग के विभिन्न अभ्यास किए गए। खास बात यह रही कि मध्य प्रदेश की खेल मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया, आइटीबीपी के डीआईजी राजीव लोचन शुक्ला कलेक्टर अक्षय कुमार सिंह एसपी राजेश सिंह चंदेल सहित प्रशासनिक अधिकारियों जनप्रतिनिधियों और न्यायालय परिसर में भी सूर्य नमस्कार कार्यक्रम आयोजित हुए।
आठवा अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का मुख्य कार्यक्रम सरस्वती विद्यापीठ आवासीय विद्यालय में आयोजित किया गया। जिसमें मुख्य अतिथि यशोधरा राजे सिंधिया खेल मंत्री उपस्थित रही। आयोजन के दौरान उन्होंने योग के सभी आसन किए और शरीर को चुस्त-दुरुस्त बनाए रखने के लिए सूर्य नमस्कार जैसे आसन महत्वपूर्ण बताए। कार्यक्रम अंतर्राष्ट्रीय योग प्रोटोकॉल के अंतर्गत आयोजित किया।
विद्यालय के तकनीकी प्रमुख अजय चौधरी और तकनीकी सहायक धर्मेंद्र बड़ेरिया द्वारा प्रोजेक्टर के माध्यम से मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के उद्बोधन को सुनाया और योग के विभिन्न आसन, प्राणायाम, ध्यान आदि किया।
समारोह में जिला शिक्षा अधिकारी संजय श्रीवास्तव जिला खेल अधिकारी महेन्द्र सिंह तोमर, विद्यालय के योग प्रमुख अरविन्द सविता, बीआरसीसी अंगद सिंह तोमर, जिला अध्यक्ष भाजपा राजू बाथम सहित जिले के प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर राजीव लोचन शुक्ल, उपमहानिरीक्षक, दूरसंचार वाहिनी ने योग के बारे में विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि योग क्रियाओं को अपनाकर व्यक्ति शारीरिक और मानसिक तौर पर अपने को किसी भी कठिन से कठिन कार्य के लिए एकाग्रता प्राप्त कर सकता है।
नियमित योग अभ्यास करने से मनुष्य शारीरिक व मानसिक रूप से स्वस्थ रहता है। आज के इस दौड़-भाग भरे युग में कार्य व्यस्तता के कारण अधिकतर व्यक्ति तनावपूर्ण जीवन व्यतीत कर रहे हैं जिससे बहुत कम आयु में ही घातक बीमारियों से ग्रसित होने का खतरा काफी हद तक बढ़ जाता है। जवानों को योगाभ्यास करने प्रेरित किया और वाहिनी में नियमित योग अभ्यास कराने का आहवान किया।






Be First to Comment