शिवपुरी। भाजपा में कई दावेदार ऐसे जो पार्षद पद के लिए अपनी दावेदारी जता रहे थे तो उनमें से कुछ ऐसे थे जो नपा में अध्यक्ष पद के लिए पार्षद का चुनाव लड़ना चाहते थे, ऐसे कई कार्यकर्ता व पदाधिकारियों के टिकट इस बार जारी सूची में कट गए। भाजपा के पार्षद पद की सूची में नाम कट हो जाने से पार्टी के कार्यकर्ता बगावत पर उतर आए और कईयों ने निर्दलीय तौर पर फार्म भर दिए। जब इस बात का पता मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया को चला तो वह सोमवार की रात शिवपुरी आई और कई लोगों से चर्चा की। यही क्रम मंगलवार को भी जारी रहा। यहां होटल टूरिस्ट विलेज में सभी प्रत्याशियों से चर्चा की और वार्ड में विरोध की जानकारी ली। सभी के नाम नोट किए जो अपनी ही पार्टी में बगावत पर तुले हैं। दूसरी ओर अन्य वरिष्ठ नेता भी अपने-अपने स्तर पर इन रूठे कार्यकर्ताओं को मनाने में जुटे हुए हैं। दो दिन से लगातार बगावत कर रहे भाजपा कार्यकर्ताओं के पास फोन पहुंच रहे हैं। इनमें से कई को तो टूरिस्ट विलेज में हाजिर भी कर लिया गया।
कैबिनेट मंत्री और भाजपा की डैमेज कंट्रोल करने की रणनीति कितनी कारगार रही इसकी स्थिति कल दोपहर तक स्पष्ट हो जाएगी।
टिकिट न मिलने से नाराज इन उम्मीदवारों ने भरा पर्चा
भाजपा से टिकिट की चाहत रखने वाले भाजपा कार्यकर्ताओं ने टिकिट न मिलने से नाराज होकर अपना नामांकन निर्दली प्रत्याशी के रूप में भर दिया है। इनमें वार्ड क्रमांक एक से गोपाल कृष्ण गौड़, वार्ड क्रमांक दो में तीन प्रत्याशी हैं जो भाजपा समर्थित हैं। वार्ड क्रमांक चार में संकल्प प्रताप सिंह सेंगर, ललित मोहन गोयल, वार्ड क्रमांक पांच से पूर्व पार्षद कविता गर्ग पत्नी मनीष गर्ग मंजू, रोहित मंगल वार्ड क्रमांक छह से भाजपा जिला उपाध्यक्ष मंजूला जैन और भाजपा नेता तरूण अग्रवाल की पत्नी श्वेता अग्रवाल, वार्ड क्रमांक सात से अरविंद ठाकुर, वार्ड क्रमांक 12 से अशोक कुशवाह, वार्ड क्रमांक 15 से लायंस क्लब के पूर्व प्रांतपाल अशोक ठाकुर की पत्नी किरण ठाकुर, वार्ड क्रमांक 20 से पूर्व पार्षद रेखा गब्बर परिहार, वार्ड क्रमांक 21 से रघुराज सिंह गुर्जर, वार्ड क्रमांक 28 से हरिओम नरवरैया, वार्ड क्रमांक 33 से पूर्व पार्षद मथुरा प्रजापति की पत्नी रामश्री प्रजापति, वार्ड क्रमांक 37 से अतुल श्रीवास्तव, मुकेश गोयल, गौरव सिंघल सहित कई भाजपा नेताओं ने नामजदगी के पर्चे भरे हैं। इन्हें पार्टी प्रत्याशियों के पक्ष में मनाने और अपना नामांकन वापिस लेने के लिए कैबिनेट मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया ने समझाईश दी। भाजपा ने स्पष्ट किया है कि जो भी बागी प्रत्याशी के रूप में चुनाव मैदान में उतरेगा उसके खिलाफ पार्टी कड़ी कार्रवाई करेगी।






Be First to Comment