शिवपुरी। कोलारस कस्बे में जगतपुर चौराहे पर बुधवार की देर शाम एक हाई वोल्टेज ड्रामा चला, जिसमें एक महिला ने जमकर चप्पलें चलाईं। मारपीट के दौरान भीड़ की शक्ल में आए लोगों ने बस चालक की मारपीट कर दी। हालात यह बने कि लोगों ने इस दौरान पुलिसकर्मियों तक को नहीं बख्शा, उनके साथ भी धक्कामुक्की कर दी गई। समाचार लिखे जाने तक दोनों पक्ष थाना परिसर में बातचीत कर रहे थे।
जानकारी के अनुसार कोलारस में केनरा बैंक के पास रहने वाला महेंद्र धाकड़ अपने ममेरे भाई के साथ बाइक पर सवार होकर शिवपुरी से कोलारस की तरफ जा रहा था। इसी दौरान पड़ोरा के पास ग्वालियर से गुना जा रही कमला बस के चालक दूल्हा भाई ने उसकी बाइक में कट मार दी, जिससे बाइक दुर्घटनाग्रस्त होने से बच गई। दोनों के बीच पड़ोरा पर ही काफी मुंहवाद हुआ। मुंहवाद इस हद तक बढ़ गया कि दोनों पक्षों ने कोलारस में एक-दूसरे को देखने की धमकी तक दे डाली। जैसे ही बाइक सवार जगतपुर पर पहुंचा, उसने अपने स्वजनों और मिलने वालों को बुला लिया। सभी ने एक राय होकर बस को रूकवाया। बस के रूकते ही लोगों ने बस के चालक, परिचालक की जमकर मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान भीड़ में शामिल एक महिला ने चप्पल उतार कर मारपीट करना शुरू कर दिया। देखते ही देखते सड़क पर भीड़ लग गई और सड़क के दोनों तरफ लंबा जाम लग गया। मामले की सूचना पुलिस को मिली तो पुलिस भी मौकें पर पहुंच गई। हालात यह बने कि मारपीट कर रहे लोगों ने पुलिस के साथ भी धक्कामुक्की कर दी। इसके बाद पुलिस दोनों पक्षों को पकड़ कर थाने ले गई। समाचार लिखे जाने तक दोनों पक्षों में थाना परिसर में बातचीत चल रही थी।
इनका कहना है…
फिलहाल दोनों पक्षों में बातचीत चल रही है। अगर वह कोई शिकायत करते हैं तो शिकायत के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
– मनीष शर्मा, टीआइ कोलारस थाना






Be First to Comment