शिवपुरी। केंद्रीय सहकारी बैंक शाखा करैरा में 3.82 करोड़ रुपए के गबन का मामला सामने आया है। पैक्स सोसायटी के जरिए 3.82 करोड़ रुपए के संदेहास्पद आहरण हुए हैं। ऑडिट के दौरान मामला सामने आने पर वर्तमान शाखा प्रबंधक ने करैरा पुलिस थाने में एफआईआर दर्ज कराने के लिए आवेदन दिया है।
सीसीबी शाखा करैरा के ब्रांच मैनेजर ने करैरा पुलिस थाने में केस दर्ज करने के लिए आवेदन दिया है। आवेदन में बैंक के निलंबित मैनेजर द्वारा पैक्स सोसायटी के जरिए 3.82 करोड़ की धन राशि का आहरण व अंतरण कर धोखाधड़ी की है। बैंक द्वारा चार्टेट अकाउंटेंट एसके लुल्ला एंड कंपनी से प्राथमिक कृषि साख सहकारी संस्था टोड़ा पिछोर का ऑडिट कराया गया।
चार्टेट अकाउंटेंट द्वारा पैक्स सोसायटी 13 नवंबर 2017 को 23.41 लाख रुपये और 11 जनवरी 2018 को 49.80 लाख रुपये, 4 जुलाई 2018 को 70.60 लाख रुपये, 18 फरवरी 2019 को 39.97 लाख रुपये और 25 अप्रैल 2019 कारे 2 करोड़ रुपये की धनराशि का संदेहास्पद आहरण पाया गया है।
इस कारण बैंक को कुल 3.82 करोड़ रुपए की हानि हुई है। समिति प्रबंधक सहित भृत्य और दो सेवानिवृत्त सहित निलंबित शाखा प्रबंधक की आईडी का इस्तेमाल हुआ है। बैंक की राशि का षडयंत्र पूर्वक गबन कर भ्रष्टाचार किया है। मामले में करैरा थाना पुलिस जांच कर कार्रवाई की बात कह रही है।
इनका कहना है
सतीश चौहान, थाना प्रभारी करैरा ने बताया कि आवेदन आया है जांच व वरिष्ठ अधिकारियों का मार्गदर्शन लेकर कार्रवाई की जाएगी।






Be First to Comment