शिवपुरी: पोहरी अनु विभाग के बैराड़ थाना क्षेत्र में गुरुवार को एक दुखद घटना में आकाशीय बिजली गिरने से एक चरवाहे की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान रामेश्वर आदिवासी (40 वर्ष), पिता काशीराम, निवासी ग्राम अमरोधा के रूप में हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार रामेश्वर अपनी बकरियों को चराते हुए बैराड़ तालाब के पास पहुंचा था। वह तालाब की पार पर मौजूद था, तभी अचानक मौसम बदल गया और तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली गिरी। इस हादसे में रामेश्वर गंभीर रूप से झुलस गया। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल उसे बैराड़ स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही बैराड़ पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए बैराड़ अस्पताल की मोर्चरी में भिजवाया गया है। पुलिस के अनुसार शुक्रवार को शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। इस दर्दनाक हादसे के बाद गांव में शोक का माहौल है।


Be First to Comment