ग्वालियर। ग्वालियर में शराब पार्टी के दौरान दो दोस्तों पर बाप, बेटों ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर कुल्हाडी से हमला कर दिया। झगड़े की वजह पुरानी दुश्मनी बताई गई है। दोनों युवकों को जख्मी हालत में इलाज के लिए अस्पताल भेजा है। बार में लगे CCTV कैमरे में पूरी घटना कैद हुई है। फुटेज में साफ दिख रहा है कि हमलावर कितनी बेरहमी से युवकों को पीट रहे हैं। उन पर कुल्हाड़ी से हमला कर रहे हैं। यह फुटेज सोशल मीडिया पर भी सामने आए हैं। पुलिस ने फुटेज के आधार पर हमलावरों की तलाश शुरू कर दी है।
यह है घटना
हजीरा के यादव धर्मकांटा के पास बीयर बार में पार्टी मनाने आए मोंटी भदौरिया (25) और आशीष शर्मा (24) पर उनसे दुश्मनी रखने वाले अमरसिंह राठौर,उसके बेटे रवि और दुर्गेश सहित 6 लोगों ने हमला कर दिया। मोंटी और आशीष ने पुलिस को बताया इन लोगों से पुरानी दुश्मनी चल रही है। उनका करीब दो घंटे पहले भी विवाद हुआ था। उसके बाद अमरसिंह और उसके बेटों ने उन्हें बार में जाते देख लिया और प्लानिंग से यह लोग कुल्हाड़ी लेकर घुस आए और हमला कर मारपीट कर दी। बीयरबार के बाहर लगे CCTV कैमरों में यह घटना कैद हो गई। CCTV फुटेज में मारपीट करने वाले बदमाश बीयर बार में बेधड़क घुसकर दोनों दोस्तों को पीटा फिर घसीट कर बाहर निकाला। उन्हें बेरहमी से मारा। जिस वक्त वारदात हुई मौके पर कई लोग मौजूद थे, लेकिन किसी ने दोनों दोस्तों को बचाने की कोशिश नहीं की। तमाशबीन बनकर हमले की वारदात को देखते रहे। वही वारदात से बीयर बार में भगदड़ मच गई। हंगामा सुनकर पुलिस पहुंची तब तक हमला करने वाले भाग गए। घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को इलाज के लिए जयारोग्य अस्पताल भेजा है। फिलहाल पुलिस ने 6 बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।






Be First to Comment