ग्वालियर में एक लव मैरिज का 4 साल बाद दुखद अंत हो गया। पति की मारपीट के बाद अस्पताल में भर्ती हुई 25 वर्षीय महिला की मौत हो गई। महिला को दीपावली की रात और भाई दूज पर उसके पति ने बेल्ट से पीटा था। यही नहीं, गुस्से में उसके सीने पर पैर रखकर खड़ा हो गया था।
इससे उसे अंदरूनी चोट आ गई थी। पिता ने उसे जयारोग्य अस्पताल में भर्ती कराया था। जहां शुक्रवार को महिला ने दम तोड़ दिया। मौत से पहले दिए आखिरी बयान में महिला ने उसके साथ बेरहमी से मारपीट व सीने पर खड़े होने की बात का जिक्र किया है। घटना बकरा मंडी शासकीय मल्टी की है। पुलिस ने शव को निगरानी में लेकर पीएम कराया है। पुलिस को रिपोर्ट का इंतजार है।
यह है मामला
शिंदे की छावनी डोंगरपुरा के रहने वाली काजल बाथम (25) ने 4 साल पहले बकरा मंडी शासकीय मल्टी निवासी सोनू शिवहरे से लव मैरिज की थी। सोनू ऑटो ड्राइवर है। काजल उसके घर काम करने जाती थी। दोनों के बीच प्यार हो गया। वर्ष 2017 में दोनों ने शादी कर ली। दोनों ने मंदिर में शादी कर ली। बाद में दोनों अपने-अपने घर पर पहुंच गए, तभी से अलग रह रहे थे। दोनों के एक डेढ़ साल का बेटा है, जिसका नाम ओम है। भाईदूज (6 नवंबर) को काजल ने पिता को फोन कर सूचना दी थी कि उसके पति ने पीटा है। उसके सीने पर दोनों पैर रखकर खड़ा हो गया।
इसके बाद पिता उसके ससुराल पहुंचा। उसे घर लेकर आया। उसे जयारोग्य अस्पताल में भर्ती कराया था। 3 दिन बाद हालत में मामूली सुधार होने पर उसे घर ले आए थे। गुरुवार रात अचानक फिर तबीयत बिगड़ने पर अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां शुक्रवार को हालत दम तोड़ दिया। सूचना पर जनकगंज थाना पुलिस पहुंची। शव को निगरानी में लेकर पीएम कराया है। पुलिस ने मर्ग कायम किया है।
मौत से पहले आखिरी बयान…
मौत से पहले काजल के बयान भी हुए। आखिरी बयान में उसने दीपावली की सुबह कलई में नील ज्यादा मिलाने पर पति सोनू शिवहरे द्वारा मारपीट करने की बात कही। इसके बाद भाई दूज पर फिर उसी बात को लेकर पीटा। दोनों पैर रखकर उसके सीने पर खड़ा हो गया। यह वह पल था, जो उसे सहन नहीं हुआ।
इसके बाद उसने पिता को फोन किया था। उसके इस बयान को बहन मेनका ने वीडियो कॉलिंग के जरिए बयान रिकॉर्ड किए थे। भतीजी शोभा बाथम ने बताया है कि सोनू गांजे का धंधा करता है। वह शादी के बाद से काजल बुआ को पीट रहा था।
अंदरूनी चोट आई थी
जनकगंज थाना प्रभारी संतोष सिंह यादव का कहना है कि काजल बाथम के बयान दर्ज कर लिए गए हैं। पति पर मारपीट का आरोप लगाया है। महिला को ऊपर से चोट नहीं थी। पीएम रिपोर्ट आने के बाद इसमें कार्रवाई की जाएगी। मायके पक्ष ने मारपीट का आरोप लगाया है।
Be First to Comment