बैठक में कई नेताओं ने कहा कि कार्यकर्ता हताश है और ठगा से महसूस कर रहा है
विधानसभा चुनाव से पहले कार्यकर्ताओं की एकजुटता पर बल देने के लिए श्री तोमर ने ली बैठक

शिवपुरी-शिवपुरी में केंद्रीय पंचायत एव विकास मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने शुक्रवार को भाजपा कार्यकर्ताओं की बैठक ली। शिवपुरी में जिला स्तर की इस समन्वय बैठक में भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी व कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय मंत्री के सामने जमकर भड़ास निकाली। इस दौरान केंद्रीय पंचायत एव विकास मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर के सामने कई नाराज पार्टी नेता व कार्यकर्ताओं ने अपनी सुनवाई न होने व जिले में अफसरशाही हावी होने की बात कही। कई नेता तो यह कहते हुए नजर आए कि आज भाजपा का कार्यकर्ता हताश है और उसके ही काम नहीं हो रहे तो वह जनता के सामने किस मुंह से जाए। पिछले कई सालों से पिछोर विधानसभा क्षेत्र के हारने का मामला भी सामने आया। बैठक में मीसाबंदी हरिहर शर्मा ने कहा कि इस बात का ङ्क्षचतन होना चाहिए कि हम पिछले कुछ सालों से यह सीट क्यों हार रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा में व्यक्तिपरक राजनीति के कारण यह हो रहा है। एकजुटता के साथ काम नहीं हो रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा में खुद्दारों को तवज्जों दी जानी चाहिए कि न कि गद्दारों को। इसके अलावा बैराड़ के रामबाबू मंगल ने कहा कि आज कार्यकर्ताओं के काम नहीं हो रहे हैं। वह ठगा सा महसूस कर रहा है। पूर्व विधायक कामता प्रसाद बेेमटे, नरेंद्र बिरथरे, जिला मंत्री पृथ्वी सिंह जादौन, दिलीप मुदगल, महेश आदिवासी सहित कई भाजपा नेताओं ने अपनी बात कहते हुए भाजपा सरकार में कार्यकर्ताओं की उपेक्षा का मामला उठाया। शुक्रवार को हुई भाजपा की यह बैठक चर्चा में रही। मप्र में इसी साल होने वाले विधानसभा चुनावों से पूर्व की जा रही इस तरह की बैठक से कार्यकर्ताओं की नाराजगी दूर करने के प्रयास वरिष्ठ नेताओं द्वारा किए जा रहे हैं लेकिन पार्टी में कार्यकर्ता व पदाधिकारियों की यह नाराजगी से पार्टी के नेता अब चिंता में नजर आने लगे हैं। इस समन्वय बैठक में केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर के अलावा भाजपा के वरिष्ठ नेता प्रदीप लारिया, शिवपुरी भाजपा जिलाध्यक्ष सुशील रघुवंशी, पोहरी विधायक प्रहलाद भारती सहित अन्य पार्टी नेता मौजूद रहे।
हमारे परिवार के सदस्य से बात करने में क्या बुराई है- तोमर
बैठक के बाद बाद पत्रकारों से चर्चा में केंद्रीय पंचायत एव विकास मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं से समन्वय स्थापित करने के लिए यह बैठक आयोजित की गई थी। उन्होंने कहा कि पार्टी का कार्यकर्ता हमारा देवदुर्लभ कार्यकर्ता है और हमारे परिवार का सदस्य है इसलिए बातचीत करना स्वाभाविक प्रक्रिया है। पत्रकारों से चर्चा में केंद्रीय मंत्री ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं से समन्वय स्थापित करने के लिए यह बैठक आयोजित की गई थी। जिससे आने वाले समय में पार्टी का बूथ स्तर तक का कार्यकर्ता सक्रिय होकर प्रदेश व केंद्र सरकार की नीतियों को आगे बढ़ाए।
कमलनाथ पर किया कटाक्ष
अभी हाल ही में केंद्र सरकार द्वारा समर्थन मूल्य में की गई वृद्धि पर कांग्रेस सांसद कमलनाथ द्वारा दिए गए बयान कि यह मोदी सरकार द्वारा चुनावी शिगूफा है, पर अपनी प्रतिक्रिया में केंद्रीय पंचायत एव विकास मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने पत्रकारों से कहा कि कांग्रेस ने अपने शासन काल में कभी भी किसानों की चिंता नहीं की और अब हमारी सरकार ने जब किसानों की सुध ली है तो उनके पेट में दर्द हो रहा है। केंद्रीय पंचायत एव विकास मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा कि मोदी सरकार ने समर्थन मूल्य में जो वृद्धि की है वह किसानहितैषी है और मोदी सरकार ने जो वादा किया था उसे पूरा किया है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार के इस कदम से किसानों को उनकी फसल का वाजिब दाम मिलेगा और किसानों की आय बढ़ेगी जिससे आने वाले समय में देश की आर्थिक तरक्की में भी यह कदम लाभदायक रहेगा।








Be First to Comment