श्रीगंगानगर
हत्या की सूचना के बाद सीएचसी के बाहर लोगों की भीड़ जुट गई।
आपसी कहासुनी के बाद चाचा ने भतीजे की सीने में गोली मारकर हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। घटना अनूपगढ़ जिले के श्रीबिजयनगर में 33 जीबी गांव में मंगलवार सुबह 10.30 बजे हुई।
गांव 33 जीबी का गुरदेव सिंह (45) का अपने चाचा लड्डू बाबा (60) से डेढ़ बीघा जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। मंगलवार सुबह करीब साढ़े 10 बजे गुरदेव सिंह अपने चाचा के साथ इसी मुद्दे पर बात कर रहा था। इसी दौरान लड्डू बाबा तैश में आ गया और उसने अपने भतीजे गुरदेव पर गोली चला दी। गोली गुरदेव सिंह के सीने में लगी। आसपास के लोग उसे श्रीबिजयनगर के सीएचसी ले गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
श्रीबिजयनगर इलाके के गांव 33 जीबी में चाचा ने गोली मारकर भतीजे का मर्डर कर दिया।
भतीजा किसान और चाचा सेवादार
हत्या की सूचना मिलते ही गुरदेव सिंह के परिजन मौके पर जुटने लगे। सीएचसी के बाहर लोगों की भीड़ जमा हो गई। मौके पर पहुंची श्रीबिजयनगर थाना पुलिस ने शव को सीएचसी की मॉर्च्युरी में रखवाया। एसएचओ गोविंद बिश्नोई भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने लोगों से घटना के बारे में जानकारी जुटाई। गुरदेव सिंह गांव 33 जीबी में ही खेती करता था। वहीं आरोपी लड्डू बाबा एक धर्म स्थल का सेवादार है। दोनों के बीच संपत्ति को लेकर विवाद चल रहा था।
Be First to Comment