दंतेवाड़ा

रक्षामंत्री राजनाथ सिंह शनिवार को छत्तीसगढ़ दौरे पर पहुंच रहे हैं। वह दंतेवाड़ा में गीदम के चुनावी सभा को संबोधित करेंगे। यह इलाका बस्तर टाइगर कहे जाने वाले कांग्रेस के दिवंगत नेता महेंद्र कर्मा का गढ़ रहा है। यहीं पिछले लोकसभा चुनाव के ठीक पहले भाजपा विधायक भीमा मंडावी की नक्सलियों ने हत्या कर दी थी।
राजनाथ सिंह थोड़ी देर में पहुंचेंगे, वे सबसे पहले जगदलपुर के मां दंतेश्वरी एयरपोर्ट जाएंगे। फिर हेलिकॉप्टर से गीदम के जावंगा एजुकेशन सिटी मैदान जाएंगे और करीब 2 बजे से सभा शुरू होगी। भाजपा करीब 25 हजार लोगों के पहुंचने का दावा कर रही है। इससे पहले आमाबाल गांव में पीएम मोदी की सभा में 1 लाख से ज्यादा लोगों की भीड़ जुटी थी।

कांकेर लोकसभा के बाद बालोद में भी करेंगे सभा
दंतेवाड़ा के बाद राजनाथ सिंह कांकेर लोकसभा क्षेत्र के बालोद के सरयू प्रसाद अग्रवाल स्टेडियम में होने वाली आमसभा में दोपहर 03:15 बजे शामिल होंगे। बालोद में आयोजित सभा को संबोधित करने के बाद सिंह शाम 04:40 बजे रायपुर से शाम 04:50 बजे दिल्ली के लिए रवाना होंगे।
चुनाव प्रचार के दौरान शहीद हुए थे MLA
दंतेवाड़ा से विधायक भीमा मंडावी के वाहन को श्यामगिरी में नक्सलियों ने ब्लास्ट कर उड़ा दिया था। बस्तर की 12 विधानसभा सीटों में वे अकेले भाजपा के MLA थे। उप चुनाव में भीमा की पत्नी ओजस्वी मंडावी को भाजपा ने चुनावी मैदान में उतारा था, लेकिन कांग्रेस की देवती कर्मा ने जीत दर्ज की।










Be First to Comment