शिवपुरी: जिले में जिला कलेक्टर अक्षय कुमार सिंह ने धारा 144 लगाते हुए उफान मारते नदी नालों से दूर रहने को कहा है। अब तक कई तस्वीर है ऐसी सामने आई हैं, जिसमें लोग जानबूझकर या मजबूरी में नदी नालों को पार करते हैं। ऐसे ही एक तस्वीर कोलारस अनुविभाग के बिजरौनी गांव से आई है, जहां एक छात्र को एक व्यक्ति स्कूल पहुंचाने के लिए कंधे पर बैठाकर उफान मारते नाले को पार करा रहा है।
जानकारी के अनुसार बिजरौनी गांव के कई बच्चे गांव से 10 किलोमीटर दूर बदरवास नगर में निजी स्कूल में शिक्षा हासिल करने जाते हैं। बच्चों को स्कूल पहुंचाने के लिए परिजनों ने वाहन की व्यवस्था की है। हर रोज वाहन चालक बदरवास से बिजरौनी गांव स्कूली छात्र छात्राओं को लेने के लिए आता है, लेकिन बारिश के समय ऐसा नहीं हो पाता है।
बारिश में बच्चों को नहीं रख सकते शिक्षा से दूर
दरअसल, बिजरौनी गांव से पहले ही रपटा बारिश के समय में ऊपर से बहता है, तो कई बार तेज उफान भी मारता है। बारिश के समय आवागमन पूरी तरह से बंद हो जाता है। ग्रामीण इस दौरान अपनी जान का जोखिम में डालकर बच्चों को शिक्षा दिलाने के लिए स्कूल भेज रहे हैं। वीडियो में बिजरौनी गांव का एक व्यक्ति बच्चे को कंधे पर बैठाकर स्कूल भेजने के लिए रपटे के ऊपर से बह रहे नाले को पार कर रहा है।
कई बार लगा चुके प्रशासन से अर्जी
बिजरौनी गांव के रहने वाले केपी यादव ने कहा कि यह मार्ग कई गांव को जोड़ने वाला है। प्रशासन से कई बार पुलिया को दोबारा ऊंचाई देकर बनवाने की मांग जनपद सहित प्रशासन से की है। प्रशासन ने आज दिन तक कोई सुनवाई नहीं की है। वर्षों से इसी तरह ग्रामीण और उनके बच्चों को नाले को पार करना पड़ रहा है।






Be First to Comment