नपा के जिम्मेदार बोले, वहां कोई पाइप लाइन ही नहीं, विचारणीय पहलू तो फिर कहां से आ रहा पानी
खिलाड़ी बोले, हम न तो नेट प्रेक्टिस कर पा रहे हैं और न ही मैच खेल पा रहे, नपा ने शिकायत के सप्ताह भर बाद भी नहीं किया समस्या का समाधान
शिवपुरी: नगर पालिका क्षेत्र में अगर सर्वे किया जाए तो 39 वार्डों में दर्जनों बोर ऐसे हैं जो बारिश के मौसम में भी पानी नहीं उगल रहे रहे हैं, लेकिन पोलो ग्राउंड की जमीन पिछले सप्ताह भर से लगातार पानी उगल रही है। हालात यह हैं कि खेल का मैदान तालाब में तब्दील हो गया है। शहर का एक मात्र खेल मैदान खराब हो गया है और अब तो यहां शहर के हजारों खिलाड़ी न तो रनिंग कर पा रहे हैं और न ही अपने अन्य खेलों की प्रेक्टिस। खिलाड़ियों का कहना है कि हम न सिर्फ नगर पालिका को बल्कि कलेक्ट्रेट में भी इस बात की शिकायत दर्ज करा चुके हैं कि खेल मैदान में जमीन के अंदर से पानी आ रहा है। खिलाड़ियों का अनुमान है कि यह पानी मड़ीखेड़ा की पाइप लाइन लीक होने के कारण आ रहा है, वहीं नपा के जिम्मेदार यह कह रहे हैं कि वहां कोई पाइप लाइन है ही नहींं जिसके लीक होने के कारण पानी आए। ऐेसे में विचारणीय पहलू यह है कि आखिर पोलो ग्राउंड में करीब सप्ताह भर से लगातार जमीन के अंदर से निकल रहा पानी आखिर आ कहां से रहा है? खास बात यह है कि शिकायत को सप्ताह भर हो जाने के बाबजूद नगर पालिका के समस्या का कोई समाधान नहीं किया है। नपा ने अभी तक यह जानने का प्रयास भी नहीं किया है कि जब पोलो ग्राउंड के पास कोई पाइप लाइन नहीं है तो आखिर वहां की जमीन पानी कैसे उगल रही है?
क्रिकेट का मैदान और पिच हाे रही खराब
जमीन में से निकल रहे पानी के कारण जमीन इतनी गीली हो चुकी है कि यहां सेना की तैयारी करने के लिए आ रहे युवाओं द्वारा की जाने वाली रनिंग के के चलते क्रिकेट का पूरा ग्राउंड खराब हो रहा है। खिलाड़ियों का कहना है कि पूरे ग्राउंड में पैरों के निशान बन गए हैं। ऐसे में अब ग्राउंड को वापिस से सही करना भी बड़ी चुनौती के रूप में सामने आएगा।
मैच नहीं खेलेंगे तो कैसे करेंगे प्रदर्शन
मैदान पर रेग्यूलर प्रेक्टिस करने आने वाले खिलाड़ियों का कहना है कि मैदान में पानी आने के कारण वह पिछले सप्ताह भर से न तो प्रेक्टिस कर पाए हैं और न ही उन्होंने मैच खेले हैं। अब भी अगर पानी आना बंद हो जाता है तो आने वाले पांच से छह दिनों तक मैदान पर मैच खेल पाना संभव नहीं है। उनके अनुसार वहीं दूसरी ओर उनके स्कूल डिवीजन के मैच आने वाले हैं। अगर वह मैच नहीं खेल पाएंगे तो रन कैसे करेंगे, विकेट कैसे लेंगे?
ये बोले जिम्मेदार
हमारी कोई भी पाइप लाइन प्ले ग्राउंड के अंदर से या प्ले ग्राउंड के पास से नहीं गई है। ऐसे में पाइप लाइन के लीक होने से मैदान में पानी आना संभव नहीं है। हमारी लाइनें कलेक्टर कोठी वाली रोड से निकली है, जो वहां से दूर है।
सचिन चौहान
एई नपा
ये बोले खिलाड़ी
मड़ीखेड़ा की पाइप लाइन लीक होने के कारण अंडर ग्राउंड वाटर लीक हो रहा है। ऐसे में पूरे ग्राउंड में पानी भर रहा है, इससे हमारा काफी नुकसान हो रहा है। हम नपा को शिकायत कर चुके हैं लेकिन समस्या कोई समाधान नहीं हुआ है।
पूजा सविता
क्रिकेट खिलाड़ी
मैदान गीला होने के कारण हम प्रेक्टिस नहीं कर पा रहे हैं। इसके अलावा अन्य खेलों के खिलाड़ियों का भी नुकसान हो रहा है। अंडर ग्राउंड वाटर लीक हो रहा है, शिकायत किए काफी समय बीत गया है, लेकिन अब तक पानी आने के कारणों का पता नहीं किया जा रहा है।
आयुषी जैन
खिलाड़ी
ग्राउंड गीला होने के कारण हम सप्ताह भर से मैच नहीं खेल पा रहे हैं। कुछ दिनों में हमारे स्कूल डिवीजन के मैच शुरू होने वाले हैं। अगर हम मैच नहीं खेलेंगे तो फिर हम डिवीजन मैचों में अच्छा प्रदर्शन कहां से करेंगे।
स्पर्श भार्गव
खिलाड़ी






Be First to Comment