आमोलपठा. शिवपुरी जिले की सतनबाडा रेंज में बीते कुछ माह से दंबग लोग वन भूमि की करीब 200 बीघा जमीन पर कब्जा कर फसल कर रहे हैं। वर्तमान समय में इस जमीन में मूंगफली की फसल लहलहा रही है। बताया जा रहा है कि इस पूरे खेल में फोरेस्ट विभाग के ही अधिकारी शामिल हैं।
इसलिए तमाम शिकायतों के बाद भी इस भूमि से कब्जा हटाने की कार्रवाई नहीं हो रही। आमोलपठा स्थित ग्राम शेरगढ़ के ग्रामीण रामहेत रजक, लाल सिंह बघेल, निहाल सिंह रजक आदि ने बताया कि शेरगढ़ में पहाड़ी के पास वन विभाग की 200 बीघा जमीन है। यहां पर सतनवाड़ा रेंजर से सांठगाठ कर शेरगढ़ गांव के ही जण्डेल गुर्जर, जीतू गुर्जर, दीमान गुर्जर व नंदू गुर्जर सहित अन्य लोगों ने कब्जा कर रखा है। इन लोगों ने इस जमीन पर खड़े पेड़-पौधों को काट दिया और पूरी जमीन में मूंगफली की फसल लगाकर रखी है। इस मामले में गांव के कुछ लोगों ने फोरेस्ट विभाग से लेकर कलेक्टर को शिकायत दर्ज कराई है। इसके बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई।
वन क्षेत्र से हो रहा अवैध उत्खनन ग्रामीणों ने बताया कि वन भूमि पर कब्जा कर खेती करने के साथ ही यहां से भारी पैमाने पर अवैध रूप: पत्थर, खंडा, बोल्डर, मुरम, कोपरा रेत आदि का भी उत्खनन बिना किसी रोक-टोक के जारी है। वन विभाग के कर्मचारी इस क्षेत्र में गश करते हैं, लेकिन इन माफियाओं पर कोई कार्रवाई नहीं होती।






Be First to Comment