शिवपुरी में दो दिन से हो रही बारिश से नदी-नाले उफान पर हैं। इस बीच मरीज को ट्यूब पर बैठाकर उफनती नदी पार कराने का वीडियो सामने आया है। इंदार थाना क्षेत्र में गुरुवार को पलको नदी उफान पर थी। ऐसे में मरीज को अस्पताल पहुंचाने के लिए परिजनों और ग्रामीणों ने ट्यूब पर बैठाकर उसे रस्सी के सहारे नदी पार करवाई।
विनेका निवासी हरि शंकर पाल को गुरुवार को तबीयत खराब हो गई थी। उल्टी-दस्त से उसकी हालत गंभीर हो गई। उसे उपचार के लिए 20 किमी दूर बदरवास के स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाना था, लेकिन विनेका से डंगोरा रोड के बीच बहने वाली पलको नदी पुलिया के ऊपर से बह रही थी। उसके परिजनों ने कुछ देर इंतजार किया। जब उसकी तबीयत बिगड़ने लगी तो, उफनती नदी पार करने का निर्णय लिया। इसके लिए ग्रामीणों की मदद से नदी के दोनों सिरों पर रस्सी बांधी। एक बड़े से ट्यूब पर रस्सियां बांधी। मरीज को ट्यूब पर लिटाकर इसके सहारे नदी पार कराई। इसके बाद निजी वाहन से उसे अस्पताल ले गए। बदरवास के स्वास्थ्य केंद्र में हरिशंकर को प्राथमिक उपचार के बाद गुना रेफर कर दिया गया।
हर बारिश में उठाना पड़ता है जान का जोखिम
गांव के मोहर सिंह लोधी ने बताया कि क्षेत्र में हर साल ऐसी स्थिति बनती है। थोड़ी सी बारिश में नदी उफान पर आ जाती है। लोगों को जान का जोखिम लेकर स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराना पड़ता है। गांव के लोगों ने बताया कि पलको नदी पर बनी पुलिया के निर्माण में ठेकेदार ने लापरवाही बरती है। पुलिया को सही तरीके से नहीं बनाया। ठेकेदार को पुलिया को थोड़ी ऊंचाई देकर बनानी थी, लेकिन ऐसा नहीं किया गया।
पुलिया की ऊंचाई कम होने से समस्या
कोलारस एसडीएम ब्रजविहारी श्रीवास्तव का कहना कि विनेका और डंगोरा गांव के बीच पलको नदी पर बनी पुलिया की ऊंचाई कम है, इसी के चलते ग्रामीणों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है। यह बात संज्ञान में है। इस परेशानी से निपटने के प्रयास भी शुरू कर दिए गए हैं।






Be First to Comment