शिवपुरी: सिरसौद थाना क्षेत्र के कुंवरपुर में रहने वाले अमरसिंह पुत्र भरोसी जाटव ने अपने रिश्तेदार विनोद जाटव, गिर्राज जाटव और रामशाह गुर्जर को 40 हजार रुपये महीने में ट्रैक्टर किराये से दिया। लेकिन पांच माह बीत जाने के बाद भी उक्त लोगों ने ट्रैक्टर का किराया नहीं दिया और जब उनसे किराया और ट्रैक्टर वापस मांगा तो आरोपितों ने ट्रैक्टर देने से भी इनकार कर दिया। इसकी शिकायत पीड़ित ने थाने में दर्ज कराई है। पुलिस ने तीनों आरोपितों के खिलाफ भादंवि की धारा 406 केतहत अमानत में ख्यानत का मामला दर्ज कर लिया है।
पीड़ित अमरसिंह पुत्र भरोसी जाटव निवासी कुंवरपुर ने थाने में शिकायत करते हुए बताया कि शिवरात्रि पर खेती किसानी के लिए उसने एक ट्रैक्टर क्रमांक एमपी 33 एडी 0233 खरीदा था, जो उसके पास आठ-10 दिन ही रहा और 10 मार्च 2022 को दोपहर 12 बजे उसके रिश्तेदार विनोद जाटव, गिर्राज जाटव निवासी श्रीपुरा गोर्वधन ग्वालियर निवासी रामशाह गुर्जर को लेकर घर आए। जहां उन्होंने बोला कि वह अपना ट्रैक्टरहमें ठेके पर दे दो। इसका प्रतिमाह उसे 40 हजार रुपये किराया वह देंगे। इस पर उसने ट्रैक्टर उन तीनों आरोपितों को दे दिया और जब एक माह बीत गया तो वह उनसे किराया मांगने पहुंचे। इस पर आरोपितों ने उसे टालते हुए कहा कि वह अगले महीने उसे एक साथ रुपये दे देंगे। अगले महीने भी आरोपितों ने किराया नहीं दिया। एक दिन पूर्व जब फरियादी ट्रैक्टर वापस लेने पहुंचा तो आरोपितों ने उसे ट्रैक्टर देने से भी इनकार कर दिया। फरियादी ने बताया कि गिर्राज और विनोद उसके रिश्तेदार थे इसलिए उसने कोई लिखा पढी नहीं कराई, जिसका फायदा आरोपितों ने उठाया और उसका ट्रैक्टर हड़पने की योजना बना ली।






Be First to Comment