Press "Enter" to skip to content

VIDEO वायरल: टोल कर्मियों ने ट्रक चालक को पीटा, ओवरलोड के कारण हुई मारपीट / Shivpuri News

शिवपुरी: जिले के कोलारस थाना क्षेत्र अंतर्गत शिवपुरी-गुना फोरलेन हाईवे पर बने टोल प्लाजा पर कर्मचारियों का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस वीडियो में टोल कर्मचारी एक ट्रक चालक की जमकर मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं। जानकारी के अनुसार यह विवाद वाहन को ओवरलोड बताने की बात पर हुआ, टोलकर्मी इस वाहन को ओवरलोड बता रहे थे। वहीं, ट्रक चालक ने वाहन को ओवरलोड नहीं बताते हुए कांटा कराने की बात कही थी। इसी बात से नाराज होकर ट्रक चालक और टोल कर्मियों के बीच पहले कहासुनी हुई, जिसके बाद टोल कर्मियों ने ट्रक चालक और उसके क्लीनर की जमकर लात घुसा से मारपीट कर दी। वीडियो में देखा जा सकता है कि टोल कर्मियों ने ट्रक चालक को ट्रक से नीचे उतारकर पहले उसे जमकर मारा, फिर ट्रक को अपने कब्जे में ले लिया।

ओवरलोड वाहन को बताकर होती है अवैध वसूली

ट्रक चालक ने पूरणखेड़ी टोल प्लाजा के टोल कर्मियों पर अवैध वसूली के आरोप लगाए हैं। उत्तरप्रदेश के जालौन के रहने वाले ट्रक चालक नफीस अहमद खान ने बताया कि वह अपने ट्रक UP92 T8177 में केला भरकर गुना से ग्वालियर की ओर जा रहा था। वह शिवपुरी जिले के पूरण खेड़ी टोल प्लाजा पहुंचा था। इसी दौरान टोल कर्मियों ने उसकी केले से भरी गाड़ी को ओवरलोड बता दिया था, जब उसने वाहन को ओवरलोड नहीं होने की बात कहते हुए वाहन का कांटा करने की बात कही तो टोल कर्मियों ने अपने एक कर्मचारी को ट्रक में बैठा दिया और कांटे की ओर ट्रक को आगे बढ़ा दिया।

धर्म कांटा पहुंचने से पहले ही ट्रक में बैठे टोल कर्मी ने ट्रक को रुकवा दिया और बोला कि अगर आप कुछ पैसे अतिरिक्त दे देते हैं तो आपका कांटा भी नहीं कराया जाएगा, इसके एवज में आपके ट्रक को तत्काल निकाल दिया जाएगा। लेकिन जब उसने अवैध रूप से मांगे जाने वाले रुपए देने से मना किया और कांटा कराने की बात कही तो टोल कर्मी बिफर गया, इसके बाद उसने अपने अन्य साथी टोल कर्मियों को मौके पर बुला लिया।

ट्रक चालक नफीस ने बताया कि आधा दर्जन टोलकर्मी एनएचएआई के वाहन mp 04 gb 6340 में सवार होकर आए, मारपीट करने लगे टोल कर्मियों ने सबसे पहले उसके क्लीनर को ट्रक से नीचे उतारा और बेरहमी से मारा। जिसके बाद उसके साथ भी जमकर मारपीट कर दी। ट्रक चालक ने इसकी शिकायत अपने ट्रांसपोर्टर से की है।

More from Fast SamacharMore posts in Fast Samachar »
More from ShivpuriMore posts in Shivpuri »

Be First to Comment

Leave a Reply

error: Content is protected !!