Press "Enter" to skip to content

शिवपुरी में जल संकट के लिए नपाध्यक्ष मुन्नालाल को विधायक प्रतिनिधि राजू गुर्जर ने ठहराया दोषी

शिवपुरी। कैबिनेट मंंत्री और शिवपुरी विधायक यशोधरा राजे सिंधिया के विधायक प्रतिनिधि और पूर्व पार्षद राजू गुर्जर ने नगरपालिका अध्यक्ष मुन्नालाल कुशवाह के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। उन्होंने प्रेस बयान में कहा कि एक ओर तो शिवपुरी विधायक और मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया जल संकट को दूर करने के लिए दिन रात एक कर रही है और दूसरी ओर नपाध्यक्ष मुन्नालाल कुशवाह निष्क्रिय बने हुए हैं। सिंध जलावर्धन योजना के खराब गुणवत्ताविहीन कार्य के लिए वह दोषी हैं और पुत्र मोह में उन्होंने सारी नगरपालिका को गिरवी रख दिया है। शिवपुरी को नर्क बनाने में उनकी प्रमुख भूमिका रही है। 

गुर्जर ने नपाध्यक्ष की ओर इशारा करते हुए कहा कि वह नगर के प्रथम नागरिक हैं। घर-घर तक पानी पहुंचाने की उनकी जिम्मेदारी है, लेकिन वह सिर्फ पाइप पर बैठकर फोटो खिंचा रहे हैं और वीडियो बनवाकर जनता को मूर्ख बना रहे हैं। नगर की सीमा तक पानी यशोधरा राजे सिंधिया की बदौलत आया है जिन्होंने दिन रात मेहनत की, अधिकारियों को कसा, दोशियान को विवश किया, काम करने के लिए पर्यावरण की अड़चनें दूर की, कार्य को गतिशील किया, लेकिन आप बताएं, आपने क्या किया? पुत्र मोह में सारी नगरपालिका को गिरवी रख दिया। वह जवाब दें कि उनकी जनता के प्रति कोई जवाबदेही बनती है अथवा नहीं। वह अपने कर्मों की वजह से जेल तक की सैर कर चुके हैं। जनता से नजरें मिलाने की उनमें हिम्मत नहीं है, क्योंकि सारा कार्य उन्हीं की निगरानी में हुआ है। कटाक्ष करते हुए गुर्जर ने कहा कि या तो कमीशन ले लो या कार्य करवा लो। शिवपुरी को नर्क बनाने में उनकी भूमिका को लोग कभी नहीं भूलेंगे। जिन जनप्रतिनिधियों को जनता ने वोट देकर पानी की किल्लत को दूर करने के लिए चुना था उनमें से अधिकांश टैंकरों की सप्लाई की अंधेरगर्दी में खुले डूबे रहे। नगरपालिका में बेशर्मी की हद यह है कि चुने हुए कई लोग खुलेआम यह कहते रहे नगरपालिका से हमारी दाल रोटी चलती है और ऐसे लोगों को नपाध्यक्ष खुलेआम संरक्षण दे रहे हैं।
More from Fast SamacharMore posts in Fast Samachar »

Be First to Comment

Leave a Reply

error: Content is protected !!