Press "Enter" to skip to content

बंटवारे के विवाद में नरवर तहसील में हाईवोल्टेज ड्रामा: तहसीलदार से विवाद के बाद मोबाइल टॉवर पर चढ़ा ग्रामीण, मां ने तख्त पर सिर पटककर किया हंगामा / Shivpuri News

शिवपुरी। नरवर तहसील परिसर में गुरुवार दोपहर जमीन के बंटवारे के विवाद ने उस समय नाटकीय मोड़ ले लिया, जब एक ग्रामीण तहसीलदार से कहासुनी के बाद परिसर में लगे मोबाइल टॉवर पर चढ़ गया। करीब एक घंटे तक चले इस घटनाक्रम के दौरान तहसील परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद युवक को सुरक्षित नीचे उतारा गया।

जानकारी के अनुसार ग्राम नरउआ निवासी कृष्णा रावत ने पूर्व में अपनी जमीन का एक हिस्सा बेच दिया था। खरीदार द्वारा जमीन के बंटवारे के लिए आवेदन किया गया था, जिसकी प्रक्रिया अंतिम चरण में थी। इसी बीच कृष्णा रावत ने जमीन पर अपना कब्जा बनाए रखा और मामले को लेकर तहसील में आपत्ति दर्ज करा दी।

गुरुवार दोपहर करीब 3:30 बजे कृष्णा रावत अपनी शिकायत के संबंध में नरवर तहसील कार्यालय पहुंचा। यहां उसकी तहसीलदार विजय कुमार त्यागी से तीखी बहस हो गई। बहस के बाद वह सीधे तहसील परिसर में लगे मोबाइल टॉवर पर चढ़ गया और ऊपर से अपनी पुश्तैनी जमीन बचाने की गुहार लगाने लगा। युवक का कहना था कि यह जमीन उसके पिता की मेहनत की कमाई है और वह इसे किसी भी कीमत पर नहीं छोड़ेगा।

घटना की सूचना मिलते ही नरवर थाना पुलिस और प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंच गया। इस बीच युवक की मां भी तहसील पहुंची और बेटे की जान बचाने की गुहार लगाते हुए भावुक हो गई। उसने कार्यालय में रखे तख्त पर सिर पटककर अपना विरोध जताया। वहीं युवक के भाई की थाना प्रभारी विनय यादव से भी तीखी बहस हो गई, जिससे कुछ देर के लिए माहौल और तनावपूर्ण हो गया।

करीब एक घंटे तक चले हाईवोल्टेज ड्रामे के बाद अधिकारियों ने युवक को उसकी शिकायत पर नियमानुसार सुनवाई और उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया। इसके बाद युवक टॉवर से नीचे उतर आया। पुलिस ने राहत की सांस ली और पूरे मामले की जानकारी जुटाना शुरू कर दिया

नरवर तहसीलदार विजय कुमार त्यागी ने बताया कि कृष्णा रावत अपनी शिकायत लेकर कार्यालय आया था। बातचीत के दौरान उसने अभद्र व्यवहार करते हुए जान से मारने की धमकी दी और खुद जेल जाने जैसी बातें कहीं। तहसीलदार के अनुसार कानूनी कार्रवाई की आशंका के चलते वह बाद में मोबाइल टॉवर पर चढ़ गया। पुलिस और प्रशासन की समझाइश के बाद उसे सुरक्षित नीचे उतार लिया गया।

फिलहाल प्रशासन पूरे मामले की जांच कर रहा है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।

More from Fast SamacharMore posts in Fast Samachar »

Be First to Comment

Leave a Reply

error: Content is protected !!