Press "Enter" to skip to content

बहन से छेड़छाड़ का विरोध पड़ा भारी, युवक ने मारपीट और पुलिस पर रिश्वत मांगने का लगाया आरोप / Shivpuri News

शिवपुरी। कोलारस थाना क्षेत्र के ग्राम सेसई निवासी अमन रावत ने पुलिस अधीक्षक शिवपुरी को आवेदन देकर कुछ लोगों और कोलारस थाने में पदस्थ एक पुलिसकर्मी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। शिकायतकर्ता का कहना है कि बहन से कथित छेड़छाड़ का विरोध करने के बाद उसके साथ मारपीट की गई और बाद में थाने में भी उसकी शिकायत पर कार्रवाई नहीं की गई।

जानकारी के अनुसार, 29 जून 2026 को ग्राम बसेड़ी निवासी संतान रावत और उसके साथियों पर शिकायतकर्ता की बहन के साथ टेकरी शिवपुरी में कथित छेड़छाड़ करने का आरोप है। शिकायतकर्ता का कहना है कि उसने उस समय समझाइश देकर मामला शांत करा दिया था।

शिकायत में आगे कहा गया है कि 30 जून की शाम करीब 6 बजे जब वह ट्रैक्टर लेकर ग्राम ख्यावर स्थित खेत पर जा रहा था, तभी रास्ते में संतान रावत, महेंद्र रावत, देवेंद्र रावत, मोहर सिंह रावत, संजय रावत, रोहित रावत सहित अन्य लोगों ने उसे रोक लिया। आरोप है कि उसे ट्रैक्टर से नीचे उतारकर लाठी-डंडों और लात-घूंसों से मारपीट की गई। बीच-बचाव करने पहुंचे उसके भाई छोटे रावत और खेत मालिक देवपाल के साथ भी मारपीट करने तथा जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया गया है।

शिकायतकर्ता ने यह भी आरोप लगाया है कि घटना की रिपोर्ट दर्ज कराने जब वह कोलारस थाने पहुंचा तो वहां पदस्थ एएसआई मनमोहन सिंह ने रिपोर्ट दर्ज करने के बदले एक लाख रुपये की मांग की। आरोप है कि रुपये देने से इनकार करने पर उसके और परिजनों के साथ अभद्रता की गई तथा झूठे मामले में फंसाने की धमकी दी गई। आवेदन में यह भी दावा किया गया है कि पूरे घटनाक्रम की ऑडियो और वीडियो रिकॉर्डिंग उसके पास मौजूद है।

अमन रावत ने आरोप लगाया कि दूसरे पक्ष की शिकायत पर उसके खिलाफ झूठी एफआईआर दर्ज कर दी गई है। उसने पुलिस अधीक्षक से मामले की निष्पक्ष जांच कराने, कथित झूठी एफआईआर निरस्त करने, आरोपियों और संबंधित पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई करने तथा परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।

More from Fast SamacharMore posts in Fast Samachar »

Be First to Comment

Leave a Reply

error: Content is protected !!