Press "Enter" to skip to content

टीवी पर द केरल स्टोरी न दिखाएं केरल CM ने की अपील: पिनाराई विजयन बोले- BJP-RSS की प्रचार मशीन बनने से बचना चाहिए दूरदर्शन को /NATIONAL

फिल्म ‘द केरला स्टोरी’ अलग-अलग समुदाय की लड़कियों के इस्लाम में कन्वर्जन और उन्हें ISIS में शामिल करने पर बेस्ड है।

केरल के मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन ने दूरदर्शन चैनल पर विवादित फिल्म द केरल स्टोरी का टेलीकास्ट करने के फैसले की निंदा की है। उन्होंने ब्रॉडकास्टर से फिल्म की स्क्रीनिंग रोकने को कहा है।

पिनाराई ने गुरुवार (4 अप्रैल) को X पर पोस्ट करते हुए लिखा कि यह लोकसभा चुनावों से पहले केवल सांप्रदायिक तनाव को बढ़ाएगा। उन्होंने दूरदर्शन से यह भी कहा कि वह भाजपा और RSS के लिए प्रचार मशीन न बने।

दरअसल, दूरदर्शन ने आज यानी 5 अप्रैल को रात 8 बजे इस फिल्म को टेलीकास्ट करने का फैसला किया है। यह फिल्म 5 मई 2023 को रिलीज हुई थी। उस समय भी राज्य की लेफ्ट पार्टी ने विरोध किया था।

CPI-M बोली- ये फैसला केरल को चुनौती देने जैसा
सीपीआई (एम) के राज्य सचिवालय ने आरोप लगाया कि भाजपा ने विवादास्पद फिल्म को प्रदर्शित करने का फैसला किया क्योंकि आम चुनाव नजदीक आ रहे हैं। साथ ही यह भी कहा कि BJP अपने राजनीतिक एजेंडे को आगे बढ़ाने की कोशिश कर रही है क्योंकि भगवा पार्टी केरल के समाज में पैठ बनाने में असमर्थ थी।
सीपीआई (एम) ने कहा- यह केरल को चुनौती देने जैसा है। जब यह रिलीज हुई थी तो केरल में जबरदस्त विरोध प्रदर्शन हुआ था। सेंसर बोर्ड ने खुद ही फिल्म से 10 सीन हटा दिए थे।

केरल हाईकोर्ट ने रिलीज रोकने से कर दिया था इनकार
केरल हाईकोर्ट ने पिछले साल यह कहते हुए फिल्म की रिलीज पर रोक लगाने से इनकार कर दिया था कि फिल्म के ट्रेलर में किसी विशेष समुदाय के लिए कुछ भी आपत्तिजनक नहीं है। कोर्ट ने कहा था- सेंसर बोर्ड ने फिल्म की जांच की है और पाया है कि यह पब्लिकली रिलीज करने के लिए परफेक्ट है।

हालांकि फिल्म के ट्रेलर का विरोध हुआ था और इसे झूठा साबित करने के लिए कोर्ट में चुनौती दी गई कि केरल की 32 हजार महिलाओं का धर्म परिवर्तन किया। उन्हें कट्टरपंथी बनाया और उन्हें भारत और दुनिया दोनों में आतंकवादी अभियानों में तैनात किया गया।

2023 में जब यह फिल्म रिलीज हुई तो सीपीआई (एम) और कांग्रेस ने इसका कड़ा विरोध किया था। इसके बाद बीजेपी ने आरोप लगाया था कि राज्य के सिनेमाघरों में फिल्म पर अनौपचारिक प्रतिबंध लगा दिया गया है।

ट्रेलर में दिखाया गया है कि ISIS में जाने के बाद महिलाओं पर अत्याचार होते हैं।

ट्रेलर में दिखाया गया है कि ISIS में जाने के बाद महिलाओं पर अत्याचार होते हैं।

विजयन बोले- 32 हजार महिलाओं का ISIS में शामिल होना सबसे बड़ा झूठ
केरल के मुख्यमंत्री विजयन ने फिल्म की रिलीज के दौरान कहा था- संघ परिवार फिल्म और कहानियों के जरिए विभाजन की राजनीति करना चाह रहा है। वह बिना किसी फैक्ट और सबूत के झूठ फैला रहा है। 32 हजार महिलाओं का धर्म परिवर्तन कर ISIS में शामिल होना सबसे बड़ा झूठ है। संघ परिवार केरल में धार्मिक सद्भाव के माहौल को बिगाड़कर सांप्रदायिकता का जहर फैलाना चाहता है।

क्यों हुआ था द केरला स्टोरी का विरोध
फिल्म ‘द केरला स्टोरी’ अलग-अलग समुदाय की लड़कियों के इस्लाम में कन्वर्जन और उन्हें ISIS में शामिल करने पर बेस्ड है। फिल्म 4 युवतियों की जिंदगी पर बेस्ड है। इसमें दिखाया गया है कि कैसे कॉलेज जाने वाली 4 युवतियां एक आतंकी संगठन से जुड़ जाती है।

More from Fast SamacharMore posts in Fast Samachar »
More from New DelhiMore posts in New Delhi »

Be First to Comment

Leave a Reply

error: Content is protected !!